आम चुनाव

विकास लाख रु सालाना वाला फार्म लेकर पहुंचे, तो महिलाओं ने उतारी आरती

शहर के सभी 70 वार्डों में विकास और कांग्रेस का अभियान

विधानसभा चुनाव में जब भाजपा महतारी वंदन योजना के फार्म भरवा रही थी, तब कोई अनुमान नहीं लगाया पाया था कि इसका असर भी हो सकता है। तब जितना असर था, अब भी उतना ही नजर आ रहा है। यही वजह है कि शनिवार को रायपुर लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी विकास उपाध्याय ने केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने पर गरीब महिलाओं को एक लाख रुपए साल देने का वादा करने वाली महिला न्याय गारंटी योजना के फार्म रायपुर शहर में भरवाना शुरू किए, तो महिलाओं की भीड़ उमड़ गई। कई वार्डों में तो ऐसा भी हुआ कि विकास फार्म भरवा रहे थे, तब वहां पहुंची महिलाओं ने उनकी आरती भी उतारी।

विकास उपाध्याय ने पहले से घोषित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को रायपुर के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन के नेताओं के साथ मिलकर महिला न्याय गारंटी योजना के फार्म भरवाने का अभियान शुरू कर दिया। कांग्रेसियों का दावा है कि कई वार्डों में तो फार्म खत्म हो गए, इसलिए तुरंत दोबारा छपवाने पड़े। महिलाओं ने इस फार्म के लिए भी खासी उत्सुकता दिखाई। अभी उन्हें महतारी वंदन योजना की एक-एक हजार रुपए की दो किस्तें मिली हैं, जबकि केंद्र में सरकार बनने पर कांग्रेस ने गरीब महिलाओं को 8333 रुपए महीना देने का वादा कर दिया है।

फार्म भरवाने शिविर लगाए, वहीं नुक्कड़ सभाएं भी कर लीं

कांग्रेसियों ने यह अभियान अलग-अलग वार्डों में शिविर लगाकर शुरू किया है। इन शिविरों में महिलाएं काफी संख्या में पहुंचीं, इसलिए विकास ने वहां नुक्कड़ सभाएं भी कर लीं तथा महिला न्याय गारंटी योजना का प्रचार किया। इन सभाओं में विकास ने कहा कि महंगाई इतनी अधिक है कि हर महिला परेशान है। गैस से लेकर आटा-दाल तक के भाव कई गुना बढ़ चुके हैं। पहली जितनी आय से घर चल जाता था, अब खर्च आय का दोगुना हो गया है। इन सभाओं को शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे, नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे तथा अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button