जनजातीय गौरव दिवस : भाजपा अध्यक्ष नवीन का चार्टर प्लेन कोहरे में फंसकर लौटा… सीएम साय और स्मृति ईरानी धरमजयगढ़ समारोह में शामिल
छत्तीसगढ़ में इस सीजन में पहली बार घने कोहरे की वजह से प्लेन को वापस लौटना पड़ा है। आज 15 नवंबर को घने कोहरे के कारण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का चार्टर प्लेन रायगढ़ में लैंड नहीं हो सका। वे भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर धरमजयगढ़ में आयोजित ‘जनजातीय गौरव दिवस’ समारोह में शामिल होने वाले थे, लेकिन उन्हें हवा में ही घूमकर लौटना पड़ गया।
रायगढ़ से मिली रिपोर्ट्स के मुताबिक भाजपाध्यक्ष के चार्टर प्लेन के पायलट ने रायगढ़ के जिंदल एयरपोर्ट पर विमान उतारने के कई प्रयास किए। घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आख़िरकार लैंडिंग नहीं हो पाई और विमान को वापस पटना मोड़ना पड़ा। प्रत्यक्ष दौरा रद्द होने के बाद नितिन नवीन ने पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में मौजूद जनसमूह को संबोधित किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन के न पहुंच पाने के बावजूद समारोह तय समय पर शुरू हो गया। इस समारोह में छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय, भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, मंत्री रामविचार नेताम, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के अलावा अधिकांश अतिथि और भाजपा के संगठन पदाधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर सीएम साय ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, स्वाभिमान और ‘उलगुलान’ आंदोलन के जरिए जल-जंगल-जमीन की रक्षा में उनके योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का स्वतंत्रता संग्राम में गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने दोहराया कि 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी किसानों को आदान सहायता दी जाएगी।



