सस्पेंड डीएसपी कल्पना वर्मा केस से चर्चा में आया कारोबारी दीपक टंडन अरेस्ट… एआई फोटो से ब्लैकमेलिंग का आरोप… रायपुर के अपार्टमेंट से अरेस्टिंग
रायपुर के बहुचर्चित होटल कारोबारी और न्यूज़ पोर्टल संचालक दीपक टंडन को बिलासपुर पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। दीपक टंडन वही शख्स हैं, जिसने कुछ समय पहले डीएसपी कल्पना वर्मा पर ‘लव ट्रैप’ में फंसाकर करोड़ों रुपये ऐंठने का गंभीर आरोप लगाया था। दीपक को बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और एक्सटॉर्शन के केस में पकड़ा है।
पुलिस ने बताया कि दीपक टंडन ‘द हनी बैजर’ (The Honey Badger) नाम से एक न्यूज़ पोर्टल और यूट्यूब चैनल चलाता है। आरोप है कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल करके लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ करता था और उनकी आपत्तिजनक व भ्रामक तस्वीरें तैयार करता था। इसके बाद, वह इन तस्वीरों के आधार पर अपने न्यूज़ पोर्टल पर खबरें प्रकाशित करता था। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि बदनाम करने की धमकी देकर रकम वसूलता था।
तिफरा (बिलासपुर) के रहने वाले मणीशंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर को सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी तस्वीरों को AI से एडिट कर सोशल मीडिया और न्यूज़ पोर्टल पर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। जांच में दीपक टंडन का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रैक की। बिलासपुर पुलिस ने रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट में छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जिनमें कई फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। दीपक टंडन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धाराओं 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। इस केस में कोमल प्रसाद चौबे सहित कुछ अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
क्या है डीएसपी कल्पना वर्मा विवाद
दीपक टंडन 2025 के अंत में तब सुर्खियों में आया था, जब उसने दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा पर करीब 2.5 करोड़ रुपये की ठगी, कीमती गहने और लग्जरी कार ऐंठने का आरोप लगाया था। इसके बाद डीएसपी कल्पना वर्मा को सस्पेंड कर दिया गया था और मामले की जांच रिपोर्ट गृह विभाग को भेजी गई थी। अब दीपक टंडन की खुद की गिरफ्तारी ने इस पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया है।



