छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : पूर्व भाजपा विधायक के शोरूम की छत पर मिला युवती का शव… परिजनों को दुष्कर्म-हत्या का शक, हंगामा… पुलिस ने सुसाइड माना, जांच शुरू

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में भाजपा के पूर्व विधायक संतोष बाफना के व्यावसायिक परिसर ‘बाफना हाउस’ की छत पर 20 वर्षीय युवती (दीपा सागर) का शव मिलने के बाद हंगामा खड़ा हो गया है। युवती इसी परिसर में कपड़े के एक शोरूम में काम करती थी। मृतका के परिजनों ने आशंका जताई है कि युवती के साथ पहले दुष्कर्म (रेप) किया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया। कोतवाली पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर मामला फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस को घटनास्थल से एक फटा हुआ दुपट्टा पाइप से लटका मिला है। पुलिस का अनुमान है कि फंदा टूटने की वजह से शव छत पर आ गिरा। पुलिस को मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें कथित तौर पर युवती की और से लिखा गया है कि यह कदम अपनी मर्जी से उठा रही है, और किसी को परेशान नहीं करना चाहती।

मिली जानकारी के अनुसार दीपा सागर ने 21 अक्टूबर को ही इस शोरूम में काम शुरू किया था। रविवार शाम करीब 6:30 बजे वह छत की तरफ गई थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी। सोमवार सुबह एक अन्य महिला कर्मचारी ने उसका शव छत पर देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनके पहुंचने से पहले ही कागजी कार्रवाई शुरू कर दी और उन्हें घटना की जानकारी समय पर नहीं दी गई। निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर परिजनों व स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन भी किया। शहर कोतवाली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button