महादेव सट्टा किंगपिन सौरभ को रायपुर लेकर पहुंची CBI, कल कोर्ट में पेशी… “खुलेंगे प्रोटेक्शन मनी लेने वालों के राज” सीएम साय का ये बयान चर्चा में
महादेव ऑनलाइन बैटिंग एप के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम आज शाम लेकर रायपुर आ गई है। उसे नई दिल्ली की रेगुलर फ्लाइट E6 2307 से दिल्ली से रायपुर लाया गया। सौरभ को वीआईपी रोड रायपुर के सीबीआई हेडक्वार्टर में रखे जाने की सूचना है। सौरभ को सीबीआई एयरपोर्ट के दूसरे दरवाजे से लेकर निकली, क्योंकि मेन एग्जिट पर काफ़ी मीडियाकर्मी इकट्ठा हो गए थे। उसे कल फर्स्ट हाफ़ में सीबीआई रायपुर की विशेष अदालत में पेश करेगी।
इधर, सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और रायपुर लाए जाने पर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय का बयान चर्चा में है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि अब, जब वह भारत आ चुका है, तो उससे होने वाली पूछताछ से यह पता चलेगा कि इस अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क से किनको-किनको ‘प्रोटेक्शन मनी’ जाती थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सौरभ चंद्राकर से गहन पूछताछ के बाद इस पूरे महादेव सट्टा सिंडिकेट नेटवर्क से जुड़े कई और अहम राज और वित्तीय लेन-देन की जानकारियां सामने आएंगी।
बता दें कि सौरभ चंद्राकर को मस्कट (ओमान) से भारत लाए जाने के बाद कल दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से अदालत ने सीबीआई को 2 दिन की ट्रांजिट रिमांड दी है। आदेश के मुताबिक, जांच एजेंसी उसे रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश करेगी। इस मामले की जांच छत्तीसगढ़ सरकार की सिफारिश पर सीबीआई को सौंपी गई थी।



