संत कबीर की आरंग के परसकोल में 41 फीट की प्रतिमा, ये दुनिया में सबसे ऊंची
सत्संग मेला और चौका आरती का आयोजन, बृजमोहन हुए शामिल
नया रायपुर से लगे आरंग के परसकोल गांव में संत कबीरदास जी की 41 फीट ऊंची प्रतिमा बनाई गई है। इसे वहीं और आसपास के कलाकारों ने मिलकर तैयार किया है। इस प्रतिमा के बारे में दावा किया जा रहा है कि दुनिया में यह संत कबीर की सबसे ऊंची प्रतिमा है। इस प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा रविवार को की गई।
इस उत्सव में वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल भी शामिल थे। सद्गुरु कबीर साहेब के भक्तों ने इससे पूर्व नवा रायपुर में मेला ग्राउंड के पास भी विशाल प्रतिमा बनाई थी। इसके बाद उन्होंने परसकोल में इस प्रतिमा का निर्माण शुरू किया। इस मौके पर परसकोल में तीन दिवसीय सत्संग मेला भी आयोजित किया गया है। इसमें पंथश्री 1008 अर्धनाम साहेब, धर्माधिकारी सुधाकर शास्त्री साहेब, महंत संतोष साहेब तथा विधायक एवं सतनामी समाज के गुरु खुशवंत के अलावा बड़ी संख्या में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि तथा नेता-कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस मौके पर बृजमोहन अग्रवाल ने मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए संत कबीर द्वारा दी गई शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत कबीर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ थे। उन्होंने स्त्री शिक्षा तथा पुनर्विवाह का समर्थन किया। उन्होंने इस बात पर सबसे ज्यादा जोर दिया था कि हर मनुष्य समान है और सभी को समान अधिकार मिलना चाहिए।