आम चुनाव

बृजमोहन की नामांकन रैली में सोमवार को बड़ा शो, सीएम-मंत्री भी रहेंगे

सारागांव में साहू समाज के माता कर्मा जयंती उत्सव में पहुंचे, भारी भीड़

छत्तीसगढ़ के मंत्री, दिग्गज भाजपा विधायक तथा रायपुर लोकसभा से उम्मीदवार बृजमोहन अग्रवाल सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन रैली में भाजपा अपनी ताकत दिखाने जा रही है, जिसमें सीएम विष्णुदेव साय, दोनों डिप्टी सीएम तथा मंत्री-विधायक शामिल होंगे। रैली के लिए भाजपा नेता सुबह 11 बजे एकात्म परिसर में इकट्ठा होंगे। यहां से रैली निकलेगी जो जयस्तंभ चौक, तात्यापारा चौक, सत्तीबाजार, सदरबाजार, कोतवाली चौक, मालवीय रोड से होती हुई फिर जयस्तंभ चौक से शास्त्री चौक होकर कलेक्टोरेट पहुंचेगी, जहां सीएम-मंत्रिओं की मौजूदगी में बृजमोहन नामांकन दाखिल करेंगे।

इससे पहले, रविवार को सुबह भाजपा का संकल्प पत्र जारी होने के बाद बृजमोहन ने मीडिया से कहा कि यह संकल्प पत्र भारत को विकसित राष्ट्र बनाने तथा देश को विश्वगुरु बनाने की दिशा में एक कदम है। देश के गरीब, किसान और महिलाओं की स्थिति सुधारने का संकल्प पत्र है। बृजमोहन ने कहा कि मोदी सरकार ने आम लोगों की हर जरूरत को पूरा करने पर जोर दिया है। मोदी का गारंटी पांच साल साल के लिए थी, जिसे छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने केवल 3 महीने में पूरा कर दिखाया है।  मीडिया की ओर से हुए एक सवाल के जवाब में बृजमोहन ने कहा कि कांग्रेस से आम लोगों का भरोसा उठ गया है। लोग समझ गए हैं कि कांग्रेस सिर्फ ढकोसलेबाजी करती है, झूठी बातों से लोगों को गुमराह करने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस या इसकी सरकारों का उद्देश्य कभी भी जनता की सेवा करना नहीं रहा है। यह पार्टी भ्रष्टाचार की जनक है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार के दलदल में डुबो दिया। आतंक में डुबो दिया। छत्तीसगढ़ को विकास की दौड़ में काफी पीछे कर दिया। इसीलिए लोगों ने कांग्रेस को सबक सिखाया।

छत्तीसगढ़ में भाजपा सभी 11 सीटें जीतेगी, देश में 400 पार, फिर मोदी सरकार

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि लोग अब भी देशभर में कांग्रेस को सबक जरूर सिखाएंगे। छत्तीसगढ़ में भाजपा सभी 11 सीटें जीतने जा रही है। यही नहीं, देश में भी भाजपा की 400 से ज्यादा सीटें आने वाली हैं। पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे तथा देश को विकास के पथ पर काफी आगे ले जाएंगे। बृजमोहन अग्रवाल रविवार को दोपहर सारागांव पहुंचे, जहां साहू समाज की ओर से माता कर्मा जयंती के अवसर हुए भीड़भरे कार्यक्रम को संबोधित किया। वे आरंग के परसकोल में संत कबीर की विशाल शोभायात्रा में भी शामिल हुए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button