रायपुर में भव्य गणेश विसर्जन झांकियां रात 8 बजे से… जयस्तंभ से 2 किमी रेडियस के सारे मार्ग बंद… रायपुर-बिरगांव शराब दुकानों का 4 बजे शटर डाउन
रायपुर में आज सोमवार 28 सितंबर को रात लगभग 9 बजे से छत्तीसगढ़ की सबसे भव्य गणेश विसर्जन झांकियां निकलेंगी। झांकियां शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, सदर बाजार, लाखेनगर चौक से महादेवघाट जाएंगी, जहां गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के पक्के इंतज़ाम कर लिए गए हैं। विसर्जन झांकियां देखने के लिए लाखों लोग पहुंचते हैं, इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन और पुलिस ने शाम 5 बजे से कई सड़कें बंद कर दी हैं और कई मार्ग डाइवर्ट किए हैं। भारी वाहनों के शहर में घुसने पर कल सुबह तक का बैन लगा दिया है। अहम बात ये है कि शहर की सभी शराब दुकानें भी शाम १4 बजे बंद की जा चुकी हैं। विसर्जन से जुड़ी व्यवस्थाओं को ऐसे समझ सकते हैं :-
शराब दुकानें बंद (Dry Day)
गणेश विसर्जन और झांकी के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। आज शाम 4 बजे के बाद से रायपुर और बिरगांव क्षेत्र की सभी शराब दुकानें बंद कर दी गई हैं। विसर्जन के मद्देनजर इस दौरान ड्राई डे घोषित किया गया है।
बंद और डाइवर्ट सड़कें
झांकी के मुख्य मार्ग और उसके आसपास के सभी प्रमुख रास्तों पर आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। झांकी पारंपरिक रूट (सदर बाजार, सत्ती बाजार आदि) से होते हुए गुजरेगी। इस रूट पर आज रात से कल सुबह झांकी समाप्त होने तक भारी बैरिकेडिंग रहेगी। लाखेनगर से महादेवघाट मार्ग को वन-वे किया गया है। शहर के अंदर आने वाले बाहरी भारी वाहनों का प्रवेश रोककर उन्हें रिंग रोड की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है।
सुरक्षा संबंधी अन्य निर्देश
झांकी रूट में आने वाले पुराने और जर्जर भवनों के सामने नगर निगम ने बैरिकेड्स लगाए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे इन जर्जर मकानों के नीचे या आसपास भीड़ न लगाएं। मूर्ति विसर्जन के लिए महादेव घाट और शहर के अन्य स्थानों पर कुल 43 अस्थायी कुंड बनाए गए हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण मुख्य नदी में विसर्जन रोककर श्रद्धालुओं को केवल विसर्जन कुंड का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।



