बिलासपुर में गुटीय संघर्ष का मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर गिरफ्तार… पन्ना में दोस्त के यहां छिपा था, क्राइम ब्रांच अरेस्ट कर ले आई
बिलासपुर में पिछले माह दो गुटों में हुए हिंसक संघर्ष के बाद मुख्य आरोपी हिंसा राम सिंह ठाकुर को मध्यप्रदेश के पन्ना से गिरफ्तार कर लिया गया है। बिलासपुर क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की है। राम सिंह ठाकुर बृजपुर थानाइलाके के गांव में अपने दोस्त धीरेंद्र पटेल के घर पर छिपा हुआ था। पुलिस को जांच के दौरान पता चला था कि आरोपी छतरपुर भी गया था। इसी सुराग का पीछा करते हुए पुलिस पन्ना में उसके ठिकाने तक पहुंची। इससे पहले पुलिस एक पक्ष के सोहेल ख़ान समेत 6 आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
बिलासपुर के खपरगंज इलाके में 28 अगस्त की रात को सोशल मीडिया पर एक कथित टिप्पणी और पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते भारी पथराव और हिंसा में बदल गया। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब 100 लोगों को आरोपी बनाया है और अब तक 30 से अधिक गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। बिलासपुर एएसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि राम सिंह ठाकुर को पुलिस टीम बिलासपुर लेकर आ चुकी है, जहां उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी से पहले राम सिंह ने एक वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया था और दावा किया था कि धर्म के लिए लड़ने के कारण उसे निशाना बनाया जा रहा है। उसने जेल में अपनी हत्या की आशंका भी जताई थी।



