अंबिकापुर के पास रोड पर डीएसपी को युवकों ने जमकर पीटा… विसर्जन जुलूस से रोड ब्लॉक थी, रास्ता मांग रहे थे अफसर… कार में भी जमकर तोड़फोड़, 6 हिरासत में
अंबिकापुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान रास्ता ब्लॉक होने पर ट्रेनी डीएसपी तथा दरिमा थाना इंचार्ज निशांत कुर्रे पर भारी पद गया। भीड़ में शामिल दर्जनभर युवकों ने डीएसपी पर हमला कर दिया और जमकर पीटा। उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गई और शीशे चकनाचूर कर दिए गए। घायल डीएसपी का इलाज कराया जा रहा है, इधर हमलावरों के शक में आधा दर्जन युवकों को छापे मारकर रातोंरात हिरासत में ले लिया गया है, बाक़ी की तलाश चल रही है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 24 सितंबर को रात करीब 10 बजे मणिपुर थाना इलाके में कंठी और जगदीशपुर के बीच हुई। तब ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे दरिमा थाने से लौटकर अपनी कार से अंबिकापुर जा रहे थे। रास्ते में डीजे के साथ विसर्जन जुलूस के कारण रोड ब्लॉक थी। जब डीएसपी ने गाड़ी निकालने के लिए साइड देने को कहा, तो जुलूस में शामिल युवक उनसे उलझ गए। विवाद बढ़ने पर दर्जनभर युवकों ने मिलकर डीएसपी के साथ जमकर मारपीट की और कार को भी भारी नुकसान पहुँचाया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही मणिपुर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची और हमले में शामिल 6 मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया। अंबिकापुर एसडीओपी (SDOP) राकेश बघेल ने बताया कि एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। फरार चल रहे अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश की जा रही है।



