आज की खबर

भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव की कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पद से छुट्टी… इस पर भूपेश बघेल के ओएसडी की पोस्ट- बाप तो बाप होता है…

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के राष्ट्रीय सचिव पद से छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को मुक्त कर दिया गया है। कांग्रेस संगठन में हुए बड़े फेरबदल के तहत यह निर्णय लिया गया है। इस बदलाव के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल के ओएसडी की एक पोस्ट प्रदेश कांग्रेस के गलियारे में भारी चर्चा में है, जिसमे लिखा गया है- बाप तो बाप होता है…। देवेंद्र को वर्षों से भूपेश बघेल का कट्टर समर्थक माना जाता रहा है, लेकिन सियासी हलके में यह सवाल भी तैर रहा है कि क्या दोनों के बीच दूरी इस हद तक बढ़ गई है?

देवेंद्र यादव का नाम नई सूची से हटने के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस की आंतरिक राजनीति और गुटबाजी को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी आधिकारिक सूची में कुल 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनके मौजूदा दायित्वों से हटाया गया है। देवेंद्र यादव अब तक गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। देवेंद्र यादव की जगह कांकेर के कांग्रेस नेता नरेश ठाकुर को गुजरात पीसीसी का नया प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रभारी सचिव बनाया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद विभिन्न राज्यों और विभागों के लिए कुल 81 राष्ट्रीय सचिवों की नई टीम घोषित की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस नई सूची में 43 नए चेहरों को शामिल किया गया है।

Screenshot
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button