सीएम के प्रमुख सचिव आईएएस सुबोध सिंह बने अपर मुख्य सचिव… आईएएस निहारिका बारीक भी एसीएस प्रमोट
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव तथा 1997 बैच के आईएएस सुबोध कुमार सिंह को आज 19 नवंबर को छत्तीसगढ़ शासन ने अपर मुख्य सचिव प्रमोट कर दिया है। उनके साथ गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारीक सिंह भी अपर मुख्य सचिव प्रमोट हुई हैं। सामान्य प्रशासन विभाग से इस आशय के आदेश कुछ देर पहले जारी किए गए हैं।

सुबोध कुमार सिंह छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारी हैं, जिन्होंने राज्य और केंद्र सरकार के कई अति-महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वे रमन सरकार में मुख्यमंत्री सचिवालय में लगभग 6 वर्ष से अधिक रहे। यह उनके करियर का सबसे लंबा एकल कार्यकाल माना जाता है। वर्ष 2019 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने से पहले उन्होंने छत्तीसगढ़ में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग (2014–2018), लोक निर्माण विभाग (PWD) और श्रम विभाग के सचिव जैसी अहम जिम्मेदारियां निभाईं। आईएएस सुबोध कुमार सिंह अपने करियर के शुरुआती दौर में छत्तीसगढ़ के कई बड़े और प्रमुख जिलों जैसे रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ के जिला कलेक्टर भी रह चुके हैं।
आईएएस सुबोध कुमार सिंह वर्तमान में ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) के अध्यक्ष और नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन के प्रमुख आवासीय आयुक्त का प्रभार भी देख रहे हैं। अपर मुख्य सचिव के रूप में उनके प्रभार यथावत रहेंगे। इसी तरह, प्रमोट होने के बाद निहारिका बारीक सिंह भी गृह और जेल विभाग में अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्य करेंगी।



