आज की खबर

पीआरए ग्रुप, बर्बरीक ग्रुप, मित्तल ग्रुप और रायगढ़ इस्पात पर आयकर छापे… रायपुर दुर्ग बिलासपुर रायगढ़ अंबिकापुर और जगदलपुर में 15 जगह जांच… लोहा कारोबार की तफ्तीश

आयकर विभाग (Income Tax Department) ने आज 18 नवंबर को तड़के छत्तीसगढ़ में चार बड़े लोहा कारोबारियों के सात जिलों में 15 ठिकानों पर छापे मारे हैं। यह कार्रवाई पीआरए ग्रुप, बर्बरीक ग्रुप, मित्तल ग्रुप और रायगढ़ इस्पात पर मारे गए हैं। आयकर टीमें रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर (सरगुजा), दुर्ग, जांजगीर-चांपा और सूत्रों के अनुसार जगदलपुर में संबंधित ठिकानों पर जांच कर रही हैं। कर चोरी (Tax Evasion) और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों के बाद रायपुर और भोपाल की संयुक्त टीमों ने यह छापेमारी की है। इस कार्रवाई के दायरे में मुख्य रूप से लोहा (स्टील), कोल, और सड़क निर्माण (इंफ्रास्ट्रक्चर) से जुड़े बड़े कारोबारी समूह शामिल हैं।

1. बर्बरीक ग्रुप (Barbarik Group): सरिया और कोल कारोबार से जुड़े इस समूह के संचालक श्रवण अग्रवाल के रायपुर स्थित निवास और व्यावसायिक ठिकानों पर जांच जारी है। रायगढ़ में भी बर्बरीक हाउस समेत चार ठिकानों पर दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।

2. पीआरए ग्रुप (PRA Group): अंबिकापुर में बड़े सड़क निर्माण कारोबारी और पीआरए ग्रुप के मालिक रमेशचंद्र अग्रवाल के मनेन्द्रगढ़ रोड स्थित निजी निवास और ब्रह्म रोड स्थित ‘बर्बरीक प्रोजेक्ट लिमिटेड’ के कार्यालय पर दबिश दी गई है। रायपुर में भी इस समूह से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई हो रही है।

3. जयप्रकाश मित्तल (बिलासपुर): बिलासपुर के बड़े लोहा कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के विद्या नगर स्थित निवास ‘प्रकाश पुंज’ पर टीम पहुंची है। इसके अलावा व्यापार विहार स्थित उनके प्रतिष्ठानों मित्तल स्टील इस्पात, स्टीलमार्ट के ऑफिस और हनुमान हार्डवेयर स्टोर पर भी दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

4. अन्य समूह: रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात से जुड़ी फर्मों पर सुबह 5 बजे से जांच चल रही है। इसके अलावा सन स्टील और रामा ग्रुप से जुड़े ठिकानों पर भी आयकर विभाग की टीमों के पहुंचने की सूचना है।

आयकर विभाग की ओर से इन छापों को लेकर अभी अधिकृत तौर पर रिलीज़ जारी नहीं की गई है। छापों में कहां क्या मिला, इसकी पुख्ता जानकारी गुरुवार को सुबह मिलने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button