वन अफ़सरों पर आफ़त… कल एक पर भालू ने जानलेवा हमला किया था, आज रेंजर पर ग्रामीण का हमला, पीटकर वर्दी फाड़ी
छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिन में डिप्टी रेंजर स्तर के दो वन अफसरों पर मुसीबत आई है। कल दल्लीराजहरा के पास एक भालू ने वन अफसर पर जानलेवा हमला करते हुए उसे पटक दिया। ग्रामीणों ने साहस दिखया, तब जाकर भालू भागा और अफसर बाल बाल बचे। आज मरवाही के पास पेड़ कटाई की जांच करने पहुंचे वन अफसर सूर्यकांत रात्रेपर अचानक एक ग्रामीण ने हमला किया और मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने इस मामले में एक ग्रामीण रुद्र प्रसाद मांझी (43) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि गौरेला वन परिक्षेत्र के अंतर्गत अंधियारखोह परिसर (दर्री बीट) में वन विभाग की टीम को पेड़ काटे जाने की सूचना मिली थी। जांच और पंचनामा कार्रवाई के दौरान आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी ने विरोध शुरू कर दिया, क्योंकि उसने कथित तौर पर वन भूमि पर कब्जा कर रखा है। बहस बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अधिकारी सूर्यकांत रात्रे को थप्पड़ जड़ दिया और उनकी सरकारी वर्दी फाड़ दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें आरोपी वीडियो बनाने पर भी भड़कता दिख रहा है। इस हमले में वन अधिकारी को गर्दन के पास चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट और एससी-एसटी (SC/ST) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इन घटनाओं की वन कर्मचारी अधिकारी संगठनों में चर्चा है और फील्ड में सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।



