आज की खबर

रायपुर में भयंकर गंदगी, शासन से पहली बार 2 आला अफसरों को सीधा नोटिस… जवाब 3 दिन में मांगा, कड़े एक्शन का इशारा

राज्य शासन के नगरीय प्रशासन विभाग ने राजधानी रायपुर में भयंकर पर कार्रवाई करते हुए रायपुर नगर निगम के दो वरिष्ठ अफसरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने शहर के कई स्थानों पर गंदगी के लिए प्रथमदृष्टया जिम्मेदार मानते हुए निगम के उपायुक्त (सफाई प्रभारी) जसदेव बाबरा और जोन-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी को नोटिस देकर 3 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। विभाग ने निगम आयुक्त को जवाब का परीक्षण कर अभिमत सहित संचालनालय को भेजने को कहा है। राजधानी में गंदगी पर शासन पहली बार सख्त हुआ है और बड़ी कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं।

नगरीय प्रशासन विभाग ने दोनों अधिकारियों को जारी नोटिस में कहा कि हर समीक्षा बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देशित किया जाता रहा है। किन्तु निर्देशों की अवहेलना करते हुए कार्य प्रणाली में आशातीत सुधार नहीं किया जा रहा है। परिणामस्वरूप आए दिन गंदगी फैले होने संबंधी समाचार आ रहे हैं, जो नगर निगम एवं शासन की छवि धूमिल करने के साथ-साथ आपकी कार्य प्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह उपस्थित करता है। शहर में जगह-जगह फैली गंदगी के लिए प्रथम दृष्टया आप जिम्मेदार प्रतीत होते हैं।

विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 एवं छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के प्रावधानों के अंतर्गत दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 3 दिनों के भीतर रायपुर नगर निगम के आयुक्त के माध्यम से जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। निर्धारित समयावधि में उत्तर प्राप्त नहीं होने पर यह माना जाएगा कि इन्हें अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है। इस स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button