छत्तीसगढ़ में निवेश का एक और अध्याय… सीएम साय ने 24 उद्योग समूहों को सौंपे निवेश प्रस्ताव… इनमें 1.07 करोड़ रु का इन्वेस्टमेंट

छत्तीसगढ़ में इंडस्ट्री डायलॉग ने नया अध्याय रचते हुए 1.07 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव हासिल करके बड़ी सफलता दर्ज करवाई है। आज 19 नवंबर को नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3 में सीएम विष्णु देव साय ने 24 उद्योग समूहों को इन्विटेशन टू इन्वेस्ट लेटर सौंपे है। इनसे लगभग 20 हजार युवाओं के लिए रोजगार के मौके बनेंगे। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि पिछले डेढ़-दो वर्षों में छत्तीसगढ़ में साढ़े 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। इनमें लगभग 60 औद्योगिक परियोजनाओं में काम शुरू हो चुका है।
छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3 समारोह में सीएसआईडीसी चेयरमैन राजीव अग्रवाल, मुख्य सचिव विकास शील, सीएम के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, उद्योग सचिव रजत कुमार तथा आला अफसरों सहित सुखदेव नाहर, सतीश पारख, बजरंग गोयल सहित देशभर से आए उद्योगपति और निवेशक उपस्थित थे। समारोह को संबोधित करते हुए सीएम साय ने कहा कि अगले महीने राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस अवधि में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। नई औद्योगिक विकास नीति और देश-विदेश में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग डेढ़-दो वर्षों में प्रदेश को साढ़े आठ लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि यह है कि निवेश प्रस्ताव अब वास्तविक औद्योगिक परियोजनाओं का स्वरूप ले रहे हैं। प्रदेश में लगभग 60 औद्योगिक परियोजनाओं में कार्य प्रारंभ हो चुका है। इससे स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ के प्रति निवेशकों का भरोसा केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि वास्तविक निवेश और औद्योगिक गतिविधियों के रूप में दिखाई दे रहा है।
समारोह को पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पूर्वी क्षेत्र के चेयरमैन एवं आरडीबी ग्रुप के चेयरमैन विनोद दुग्गड़ ने भी संबोधित किया।



