कांग्रेस की न्याय यात्रा तीसरे दिन 29 किमी चलकर रायपुर में दाखिल… भूपेश बघेल भी दीपक बैज के साथ 5 किमी चले

बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी थाम से शुक्रवार को शुरू हुई कांग्रेस की न्याय यात्रा तीसरे दिन 29 किमी पैदल चलकर रायपुर जिले में दाखिल हो गई। इस यात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज कर रहे हैं। प्रदेश के तकरीबन सभी प्रमुख नेता न्याय यात्रा के साथ चल चुके हैं। रविवार को पूर्व सीएम भूपेश बघेल भी पीसीसी चीफ के साथ 5 किमी पैदल चले हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेसी भी थे। रविवार को न्याय यात्रा रोहांसी से चलकर रायपुर जिले में दाखिल हो गई और भैंसा में विश्राम हुआ। तीसरे दिन कांग्रेसियों ने न्याय यात्रा में 29 किमी का सफर पैदल तय किया है।
पीसीसी चीफ दीपक बैज की अगुवाई में निकली न्याय यात्रा गिरौदपुरी से राजधानी रायपुर तक आएगी। यात्रा में कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता 125 किमी पैदल चलेंगे। बैज ने यात्रा की शुरुआत गिरौदपुरी में गुरु गद्दी के दर्शन कर की थी। न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेसी कवर्धा में साहू समाज के 3 बेटों की मौत, पुलिस प्रताड़ना की हाईकोर्ट जज से जांच और दोषी पुलिस अफसरों पर एफआईआर की मांग उठाई जा रही है। छह दिन की इस यात्रा का समापन 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर गांधी मैदान पर होगा। इस दौरान कांग्रेस छह किमी पैदल चलेंगे। अधिकांश पदयात्रा बलौदाबाजार और रायपुर जिले में होगी।