आज की खबर

गणेशोत्सव देखने निकले भाजपा पार्षद की कार पर पत्थरबाजी… भाजपा नेता के रिश्तेदार निकले आरोपी युवक, गिरफ्तार

रायपुर में गणेशोत्सव झांकी देखने निकले भाजपा पार्षद तथा जोन-8 अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर की कार पर दो युवकों ने सोमवार को आधी रात पत्थरबाजी कर दी। पार्षद के रिपोर्ट लिखवाने के तुरंत बाद कोतवाली पुलिस एक्टिव हुई। कोतवाली टीआई सतीश सिंह गहरवार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज का एनालिसिस कर दोनों युवकों कृष यादव और आदित्य ठाकुर को रात में ही एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक भी भाजपा नेता के रिश्तेदार बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार रायपुर के वार्ड-19 से भाजपा पार्षद और जोन-8 अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर अपने परिवार के साथ गणेश झांकी (उत्सव) देखने निकले थे। ट्रैफिक के कारण उनका दो युवकों से विवाद हुआ। पुलिस ने विवाद शांत किया और पार्षद परिवार सहित वहां से निकल गए।

बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवकों ने वहाँ से पार्षद की गाड़ी का पीछा किया। उन्हें बैरनबाज़ार में बाठिया नर्सिंग होम के पास रोका और पत्थरों से हमला कर दिया।इस हमले में पार्षद की कार का कांच फूट गया। उन्होंने इस घटना के बाद कोतवाली थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत (FIR) दर्ज कराई। पुलिस ने कुछ देर में दोनों को गिरफ्तार किया और आज मंगलवार को कोर्ट में पेश कर दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button