काम की खबर : सभी बैंक इस बार रविवार को भी खुलेंगे… रिज़र्व बैंक का बड़ा फ़ैसला, सोमवार से 3 दिन हड़ताल पर रहेंगे बैंक कर्मचारी
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 27 सितंबर, रविवार को देश के सभी सरकारी (Public Sector Banks) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRBs) को सामान्य दिनों की तरह खुला रखने का आदेश दिया है। आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस रविवार बैंकों की साप्ताहिक छुट्टी को रद्द कर दिया गया है। दरअसल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक 3 दिनों की देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। चूंकि 26 सितंबर को चौथा शनिवार है और 27 सितंबर को रविवार, इस वजह से लगातार 5 दिनों तक बैंकिंग सेवाएं ठप होने की आशंका थी। इसी लंबे व्यवधान से बचाने के लिए वित्त मंत्रालय और RBI ने यह बड़ा कदम उठाया है।
रिज़र्व बैंक ने आदेश में कहा कि देश के सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (जैसे SBI, PNB, BOB आदि) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRBs) रविवार को सामान्य रूप से काम करेंगे। सिर्फ बैंक शाखाएं ही नहीं, बल्कि उनके प्रशासनिक कार्यालय, एटीएम-लिंक्ड ब्रांच और करेंसी चेस्ट (Currency Chests) भी पूरी तरह से एक्टिव रहेंगे। बैंक अपने सामान्य वर्किंग डे (working day) की तरह ही खुलेंगे और काम करेंगे, जिससे ग्राहक हड़ताल शुरू होने से पहले अपने जरूरी ब्रांच-बेस्ड लेनदेन (जैसे कैश जमा, निकासी, चेक क्लियरिंग) निपटा सकें।



