राहुल पर सीएम साय का हमलाः जहां-जहां पांव पड़े राहुल के, वहां-वहां बंटाधार
कोरबा लोकसभा क्षेत्र में किया प्रचार, दो बड़ी जनसभाएं

जगदलपुर में शनिवार को दोपहर राहुल गांधी की आमसभा चल ही रही थी कि इधर रायपुर में सीएम विष्णुदेव साय ने राहुल पर बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि जहां-जहां राहुल गांधी जाते हैं, वहां-वहां कांग्रेस का बंटाधार होना तय है। राजधानी में सीएम साय से मीडिया ने राहुल गांधी के प्रचार और आमसभा को लेकर सवाल किया था। सीएम साय ने कहा कि चुनाव का समय है। सभी लोग आएंगे। जिन दलों ने उम्मीदवार उतारे हैं, उनके बड़े नेता तो प्रचार करने के लिए आएंगे ही। लेकिन राहुल गांधी के आने से कोई फर्क पड़नेवाला नहीं है। क्योंकि वे जहां-जहां जाते हैं, वहां कांग्रेस का बंटाधार ही होता है। गौरतलब है, सीएम साय 10 दिन से चुनावी सभाओं में कांग्रेस पर खासे हमलावर हैं और भाषणों में तीखी आलोचना कर रहे हैं। बस्तर में वे आधा दर्जन से ज्यादा सभाएं कर चुके हैं।
कोरबा लोकसभा क्षेत्र में जो जगह सभाएं, भूपेश सरकार पर वार
सीएम साय रायपुर से दोपहर में कोरबा लोकसभा क्षेत्र के लिए रवाना हुए और वहां जनकपुर में बड़ी आमसभा को संबोधित किया। यहां से सरोज पांडे भाजपा की उम्मीदवार हैं। सीएम साय ने सभा को संबोधित करते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि उस शासन में जिन लोगों ने घोटाले किए, सब आज जेल की हवा खा रहे हैं। कभी गद्दे में सोने वाले आज जेल में जमीन पर सो रहे हैं, मच्छर से परेशान हैं। उनके किए की सजा उनको मिल रही है।
छत्तीसगढ़ को अपराधगढ़ बनाया, गोबर का पैसा खा गए…
चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए सीएम साय ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था। कांग्रेस ने 36 वादे किए थे, एक भी ठीक से पूरा नहीं किया। प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला कर गोबर का पैसा भी खा गए। उन्होंने कहा कि महादेव एप को निर्बाध रूप से चलाने के लिए 508 करोड़ रूपए प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप कथित तौर पर पूर्ववर्ती सीएम भूपेश बघेल पर लगा है। इस पर एफआईआर भी हुई है, जो शर्मनाक है।