आज की खबर

सीएम साय पत्नी कौशल्या के साथ गरियाबंद में गायत्री महायज्ञ में पहुंचे… कहा- हमने 20 हजार लोगों को करवाए हैं रामलला के दर्शन

सीएम विष्णुदेव साय ने अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ गरियाबंद में 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में शामिल हुए और वहां लोगों को बताया कि उनकी सरकार प्रदेश के 20 हजार से ज्यादा लोगों को रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या धाम भेज चुकी है। सीएम साय ने कहा कि हमने राज्य की संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए राजिम कुंभ कल्प का व्यापक स्वरूप में आयोजन किया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह हमारे देश की सभ्यता है कि हम स्त्री को देवी का स्वरूप मानते हैं। हमारी सरकार ने देवी स्वरूप माताओं-बहनों के लिए महतारी वंदन योजना लागू कर उन्हें सम्मान देने का कार्य किया है।

सीएम साय ने कहा कि गायत्री परिवार के सदस्यों ने देश को मजबूती प्रदान करने का कार्य किया है, क्योंकि कोई भी देश तभी मजबूत हो सकता है, जब उसकी बुनियाद मजबूत हो। हमारे देश की बुनियाद हमारी सनातन परम्पराओं में है। उन्होंने बताया कि हमारा परिवार कई दशकों से गायत्री परिवार के साथ जुड़ा हुआ है। गायत्री परिवार के सदस्य धर्म जागरण का कार्य कर रहे है। सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश माता कौशिल्या की धरती है तथा भगवान श्रीराम जी का ननिहाल है। गायत्री महामंत्र वेदों का और हमारी सनातन परम्परा का सबसे महत्वपूर्ण मंत्र है। यह हमें सन्मार्ग की ओर चलने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार के उप कुलाधिपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि मनुष्य को जीवन एक स्वर्णिम अवसर के रूप में मिला है, जिसे अच्छे उद्देश्य में लगाना चाहिए। गायत्री परिवार इंसान के अंदर देवत्व की भावना को जगाने वाला परिवार है। यज्ञ हमें श्रेष्ठ कर्म की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने गायत्री परिवार के सदस्यों को आह्वान किया कि वे समाज से नशे की बुराई को दूर करने के लिए लगातार प्रयास करें। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल समेत विभिन्न नेता तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button