सचिन तेंदुलकर सपरिवार बस्तर के छिंदनार में… उनका फाउंडेशन 50 मैदान बनाने में करेगा हेल्प… छत्तीसगढ़ के क्रिकेटर्स में रोमांच
क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर आज, 22 अप्रैल को अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के दौरे पर हैं। वे एक निजी विमान से जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचे, जहाँ प्रशासन द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद वे दंतेवाड़ा के छिंदनार पहुंचे हैं, जहां गांव में खेल सुविधाओं का जायजा लेंगे और स्थानीय बच्चों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे हैं। मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में सचिन ने कहा कि उनका फाउंडेशन बस्तर में 50 मैदान तैयार करने में मदद करेगा, जिसका फ़ायदा 5 हज़ार बच्चों को होगा, जिसके लिए बेहद ख़ुश हूं।
सचिन तेंदुलकर छिंदनार में सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और मानदेशी फाउंडेशन द्वारा विकसित किए गए नए खेल मैदान का उद्घाटन करेंगे। सचिन यहां के आदिवासी और स्थानीय प्रतिभाशाली बच्चों से मुलाकात करेंगे और उनके साथ क्रिकेट भी खेल सकते हैं। सचिन के फाउंडेशन का लक्ष्य बस्तर के गांवों में 50 खेल मैदान तैयार करना है, जिससे लगभग 5,000 बच्चों को कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल जैसे खेलों में आगे बढ़ने का मौका मिले।
बता दें कि खराब मौसम और अन्य कारणों से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बस्तर दौरा टल गया है, जो पहले सचिन के साथ कार्यक्रमों में शामिल होने वाले थे। यही नहीं, समय की कमी के कारण गीदम के पनेड़ा स्टेडियम का उद्घाटन और जावंगा ऑडिटोरियम के कार्यक्रम रद्द होने की संभावना है। अब सचिन का मुख्य फोकस केवल छिंदनार के कार्यक्रम पर रहेगा।



