छत्तीसगढ़

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत आज-कल छत्तीसगढ़ में… बिलासपुर संभाग में दौरा, रायपुर नहीं आएंगे… प्रदेश में दो संगठन प्रांत बनाने की तैयारी

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत आज गुरुवार 22 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। उनका प्रवास बिलासपुर संभाग पर केंद्रित रहेगा, वे रायपुर नहीं आएँगे। माना जा रहा है कि इसी दौरान आरएसएस का छत्तीसगढ़ संगठन दो प्रांतों में बांट दिया जाएगा। इसके तहत रायपुरप्रांत में रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभागों के क्षेत्रों को शामिल करने का प्रस्ताव है। इसी तरह बिलासपुर प्रांत में बिलासपुर और सरगुजा प्रशासनिक संभागों को मिलाकर नई इकाई बनाई जाएगी।

सूत्रों के अनुसार डॉ. मोहन भागवत आज 22 अक्टूबर की शाम बिलासपुर के कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में बौद्धिक वर्ग को संबोधित करेंगे। जिसके बाद 23 अक्टूबर को होने वाली प्रांत कार्यकारिणी की अहम बैठक में इस नए संगठनात्मक ढांचे के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लग सकती है।

अब तक छत्तीसगढ़ में संघ का संचालन एक ही प्रांतीय इकाई (Provincial Unit) के रूप में होता आ रहा है। लेकिन नए प्रस्ताव के तहत राज्य के भौगोलिक विस्तार और क्षेत्रीय परिस्थितियों को देखते हुए इसे दो हिस्सों में विभाजित किए जाने की योजना है।

इस पुनर्गठन का मुख्य उद्देश्य विकेंद्रीकरण (Decentralisation) करना और वनांचल तथा मैदानी क्षेत्रों की अलग-अलग चुनौतियों के अनुसार समन्वय बेहतर करना है। यदि प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगती है, तो छत्तीसगढ़ में वर्तमान ‘प्रांत प्रमुख’ का पद समाप्त हो सकता है और उसकी जगह दो अलग-अलग प्रांत प्रचारकों की नई व्यवस्था लागू की जा सकती है।

संघ प्रमुख के इस दौरे के रणनीतिक एजेंडे में युवाओं (विशेषकर Gen-Z और 40 वर्ष से कम आयु के लोगों) को वैचारिक रूप से संगठन से जोड़ना शामिल है। इसके साथ ही डिजिटल माध्यमों में संघ की गतिविधियों और प्रभाव को बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया रणनीतियों पर विशेष चर्चा प्रस्तावित है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button