भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी 25-26 को रायपुर में… मैराथन बैठकें और वन टू वन चर्चाओं का दौर… नेता-मंत्रियों को पर्सनल ब्रांडिंग से रोका
भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी 25 और 26 अक्टूबर को रायपुर में रहेंगी। छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रभार मिलने के बाद यह उनका पहला प्रवास है। इस दौरान वे पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ वन टू वन बात कर रिपोर्ट कार्ड लेंगी। समीक्षा के बाद लगभग 60 से अधिक पूर्व जनप्रतिनिधियों को संगठन में नई जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। वैसे, स्मृति ईरानी के दौरे को आगामी स्थानीय निकाय चुनावों और “मिशन 2028-29” की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्मृति ईरानी ने अपने दौरे से पहले ही पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर अपने व्यक्तिगत प्रचार (पर्सनल ब्रांडिंग) से बचें। नेताओं को अपनी खुद की ब्रांडिंग करने के बजाय केंद्र सरकार और सीएम विष्णुदेव साय सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है। रायपुर आगमन पर उनके स्वागत के लिए किसी भी तरह के बड़े होर्डिंग्स लगाने पर पाबंदी लगाई गई है। हालांकि एयरपोर्ट से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक भव्य बाइक रैली निकालने की तैयारी है।
दो दिनों के प्रवास के दौरान स्मृति ईरानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मैराथन बैठकें करेंगी। वन टू वन चर्चा कि अलावा आगामी स्थानीय निकाय चुनावों और सांगठनिक मजबूती को लेकर वह प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसदों, विधायकों और जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर भावी रूपरेखा तय करेंगी। इस दौरे में उनके साथ नवनियुक्त सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी मौजूद रहेंगे.



