आम चुनाव

बृजमोहन छत्तीसगढ़ ही नहीं, देश में बड़ी जीत की ओर, अभी साढ़े 4 लाख से आगे

भूपेश बघेल 45 हजार वोटों से पीछे, कांग्रेस से ज्योत्सना महंत 20 हजार की लीड पर

छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के 9 उम्मीदवारों ने अपने करीबी कांग्रेस प्रत्याशियों से कंफर्टेबल बढ़त बना ली है, एक में कांग्रेस आगे है और एक में दोनों दलों के प्रत्याशियों के बीच अंतर केवल 2 हजार का ही है। रायपुर से भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल 4.5 वोटों से आगे चल रहे हैं और अभी सात राउंड की गिनती बाकी है। माना जा रहा है कि वे देश में भी भाजपा की ओर से बड़ी लीड हासिल करनेवाले तीन-चार नेताओं में आ सकते हैं। इसी तरह, दुर्ग से भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के राजेंद्र साहू से साढ़े 3 लाख वोटों से आगे हो गए हैं और कुछ देर में उनकी जीत की घोषणा की जा सकती है। कांग्रेस के लिए निराश करनेवाले नतीजे राजनांदगांव से भी आए हैं। वहां पूर्व सीएम भूपेश बघेल 14वें राउंड की गिनती होने तक 40 हजार से अधिक वोटों से पीछे चल रहे हैं।

कांग्रेस से कोरबा की प्रत्याशी तथा मौजूदा सांसद ज्योत्सना महंत ही इस खबर के लिखे जाने तक अपनी प्रतिद्वंद्वी भाजपा की सरोज पांडे से 20 हजार वोटों से बढ़त बना चुकी हैं। कांकेर लोकसभा सीट से पिछले चार राउंड में भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग की लीड घट रही है। अब वहां 70 हजार वोटों की गिनती बची है और नाग कांग्रेस के बिरेश ठाकुर से केवल 2 हजार वोटों से आगे रह गए हैं। बस्तर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप कांग्रेस के कवासी लखमा से 40 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। महासमुंद में कांग्रेस के दिग्गज ताम्रध्वज साहू भी भाजपा की प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी से 40 हजार से ज्यादा वोटों से पिछड़ गए हैं। बिलासपुर से भाजपा प्रत्याशी तोखन साहू कांग्रेस के देवेंद्र यादव से 92 हजार वोटों से बढ़त बना चुके हैं। इसी तरह, जांजगीर चांपा से भाजपा की उम्मीदवार कमलेश जांगड़े ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के शिव डहरिया से 51 हजार से ज्यादा वोटों की निर्णायक बढ़त बना ली है। सरगुजा में भी भाजपा के चिंतामणि महाराज कांग्रेस की प्रत्याशी शशि सिंह से 81 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं।

 

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button