आज की खबर

भाजपा वोट शेयर विधानसभा में 46, लोकसभा में 51 और शहरी चुनाव में 56 प्रतिशत… जितनी बड़ी जीत, अब उतनी बड़ी जवाबदेही भी

नगरीय और पंचायत चुनावों में मिली बड़ी कामयाबी के बाद शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से केंद्रीय कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक रखी गई, जिसमें प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन की मौजूदगी में बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता शामिल हुए। इस बैठक में जीत का जश्न मनाया गया। यह बात रखी गई कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा का वोट शेयर 46 प्रतिशत था। यह लोकसभा में बढ़कर 51 प्रतिशत हो गया। प्रदेश के नगरीय-पंचायत चुनावों में भाजपा का वोट शेयर 56 फीसदी हो गया है। प्रदेश प्रभारी ने अपने संबोधन में कहा कि यह जीत इस बात का प्रतीक है कि छत्तीसगढ़ में हमारी पहचान अब कमल निशान है। लेकिन इस ऐतिहासिक सफलता के बाद निर्वाचित प्रतिनिधि अपनी जवाबदेही को नहीं भूलें। जनप्रतिनिधि के नाते जनता की बात सुनें, उनकी समस्याओं के निदान में प्रामाणिकता का परिचय दें।

बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, संभाग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला संगठन प्रभारी, सह प्रभारी, जिलाध्यक्ष, निवृत्तमान जिलाध्यक्ष, सभी मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी, सभी मोर्चों के प्रदेश संयोजक, सह संयोजक, सभी महापौर, सभापति, नपा-नपं अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष उपस्थित थे। उन्हें संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी नबीन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पंचायत से लेकर संसद तक भाजपा है। जनप्रतिनधि हमेशा ध्यान रखें कि अनुशासन पर ध्यान देना है। पार्टी के निर्णय को सहज स्वीकार करें, इसमें उनका ही लाभ है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भी कहा कि  जितनी बड़ी सफलता है, उतनी बड़ी जिम्मेदारी भी है। इस बात को ध्यान में रखते हुए जनहित में अपनी भूमिका का निर्वहन करना होगा। इतने बड़े जनादेश के पीछे कार्यकर्ताओं के परिश्रम के साथ ही केन्द्र और प्रदेश सरकारों के कार्यों पर जनता का विश्वास है। अब योजनाओं का क्रियान्वयन पंचायत व वार्ड स्तर पर होना है इसलिए अब हमें और अधिक सचेत होना होगा। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने अपने संबोधन में  पीएम नरेन्द्र मोदी के छत्तीसगढ़ प्रवास को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button