हादसे में युवक की मौत के बाद रातभर बवाल… दोपहर में कोंडागांव के भाजपा नेता पर केस… मृतक कांग्रेसी पंच, कुचलकर हत्या का आरोप

(फोटो: हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन। इनसेट – मृतक)
कोंडागांव में शुक्रवार को देर शाम एक कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी और 15-20 मीटर तक घसीटकर से गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मृत्यु हो गई, जबकि पीछे बैठी दो महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के कुछ देर बाद कोंडागांव में राजनैतिक बवाल मच गया, जो रातभर चला। वजह ये थी कार भाजपा नेता पूर्णेंदु कौशिक चला रहा था और बाइक पर कांग्रेस नेता हेमेंद्र भोयर था, जिसकी मृत्यु हुई। वह अपने गांव का पंच भी है। बाइक पर उसकी भाभी चंपी भोयर थी, जो इसी गांव की सरपंच है। इनके अलावा बाइक सवार एक और महिला इस मामले में आरोपी भाजपा नेता कौशिक की पहली पत्नी बताई गई है।
कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि कौशिक ने हेमेंद्र की हत्या की नीयत से बाइक को टक्कर मारी थी। इसीलिए रात में हंगामा बढ़ता गया। सुबह पोस्टमार्टम के बाद कांग्रेसियों ने सड़क पर हेमेंद्र का शव रखकर हाईवे जाम कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की भाभी चंपी भोयर जो एक गांव की सरपंच भी हैं, तथा बाइक सवार दूसरी महिला (आरोपी की पूर्व पत्नी) की रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज की। दोनों महिलाओं ने बयान दिया कि आरोपी कौशिक कुछ दूर से उनकी बाइक का पीछा कर रहा था। टक्कर मारने के बाद वह बाइक को घसीटता ले गया। इसके बाद उतरकर हेमेंद्र को देखा। महिलाओं ने बयान में आरोप लगाया कि कौशिक कार से यह देखने उतरा था कि कांग्रेस नेता भोयर की मौत हुई या नहीं। इसके बाद वह कार लेकर भाग निकला। बहरहाल, इस मामले में कोंडागांव से जो खबरें आई हैं, उसके मुताबिक कौशिक और मृतक हेमेंद्र में राजनैतिक शत्रुता चली आ रही थी, जो इस घटना की वजह बनी।