पति को मारकर “नीले ड्रम” में जमाने वाली मुस्कान रस्तोगी और प्रेमी साहिल शुक्ला को मृत्युदंड… मेरठ कोर्ट ने सजा ए मौत सुनाई
मेरठ की अदालत ने चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में मृतक सौरभ राजपूत की पत्नी मुस्कान रस्तोगी को मृत्युदंड दिया है। उसके प्रेमी तथा मुख्य आरोपी साहिल शुक्ला को भी फांसी की सजा सुनाई गई है। अदालत ने दोनों को 30 सितंबर को दोषी करार दिया था और सजा सुनाने के लिए आज बुधवार, 14 अक्टूबर का दिन तय किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सजा सुनते ही दोनों फूट फूटकर रोने लगे। बता दें कि दोनों ने मिलकर सौरभ की हत्या कर दी थी और शव को पाँच टुकड़े करके सीमेंट व पत्थरों के साथ एक नीले प्लास्टिक के ड्रम में छिपा दिया था।
देश को हिला देने वाली इस वारदात को यूपी के ब्रह्मपुरी में 3 मार्च 2025 की रात मुस्कान और साहिल ने मिलकर अंजाम दिया था। मुस्कान ने खाने में बेहोशी की दवा मिलाकर अपने पति सौरभ के बेहोश किया और उसके बाद सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। कत्ल करने के बाद लाश के टुकड़े किए और इन्हें नील ड्रम में भरकर सीमेंट से जमा दिया। वारदात अंजाम देने के बाद 4 मार्च को साहिल और मुस्कान हिमाचल फरार हो गए थे। 18 मार्च को दोनों की गिरफ्तारी की गई, जिसके बाद सौरभ की लाश ड्रम से बरामद की गई थी। इसी मामले में जिला जज की कोर्ट में सुनवाई चल रही थी। 30 सितंबर को मेरठ की जिला जज कोर्ट ने सौरभ की पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को हत्या और साक्ष्य मिटाने के केस में दोषी ठहराया था।



