अर्नब तूफ़ान आ गया !!! पूरे प्रदेश में छाने लगे बादल… कल भारी वर्षा का अलर्ट, कुछ जिलों में स्कूल बंद… हेल्पलाइन जारी, ट्रेन-प्लेन भी होंगे प्रभावित
बंगाल की खाड़ी से उठे खतरनाक चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ (Cyclone Arnab) के असर से लगभग पूरे छत्तीसगढ़ में आज मंगलवार को सुबह से बादल आने लगे हैं। कल यानी 28 और 29 अक्टूबर को मौसम विभाग ने प्रदेश में अलग-अलग जगह सामान्य से भारी वर्षा तक का अलर्ट जारी कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में 28 अक्टूबर को भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली (वज्रपात) गिरने की चेतावनी दी गई है। दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों में 28 अक्टूबर को भारी तबाही मचाने वाली बारिश और तेज हवाओं (50 किमी/घंटा तक) की आशंका के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। 29 अक्टूबर को बिलासपुर संभाग के लिए भी रेड अलर्ट है। शेष स्थानों पर सामान्य बारिश की संभावना बताई गई है।
तूफान को देखते हुए शासन ने प्रदेशभर में प्रशासन और पुलिस को अलर्ट कर दिया है। दंतेवाड़ा जैसे जिलों में सुरक्षा के लिहाज से स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। रेलवे ने कई ट्रेनें भी रद्द की हैं। सभी जिला कलेक्टरों को 24 घंटे कंट्रोल रूम और राहत शिविर (Relief Camps) सक्रिय रखने तथा चिकित्सा सुविधाएं तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। बस्तर में बाढ़ या जलभराव की स्थिति में नागरिक सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 07782-223122 जारी कर दिया गया है।
कृषि मौसम विज्ञानियों ने किसानों को सख्त हिदायत दी है कि वे अभी धान की कटाई न करें। जो फसलें पहले ही काटी जा चुकी हैं, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ले जाएं या तिरपाल से अच्छी तरह ढककर रखें ताकि फसलों को नुकसान न पहुंचे। खेतों में जलभराव रोकने के लिए जल निकासी की व्यवस्था तुरंत दुरुस्त करने की सलाह दी गई है।



