देश-विदेश

छत्तीसगढ़ में परिसीमन से 16-17 लोकसभा सीटें संभव… परिसीमन बिल के लिए संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से… हर राज्य में 50% सीट वृद्धि पर सहमति के संकेत

केंद्र सरकार 30 नवंबर 2026 से शुरू होने वाली संसद की विशेष बैठक में संशोधित परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) और महिला आरक्षण से जुड़े बिल को फिर से पेश करने की तैयारी में है। इस सत्र में परिसीमन बिल के पारित होने के संकेत मिल रहे हैं। संशोधित बिल में हर राज्य में 50 फीसदी लोकसभा सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव है। ऐसा हुआ तो परिसीमन के बाद छत्तीसगढ़ में लोकसभा सीटें 16-17 हो जाएंगी।

परिसीमन बिल पास होने के बाद परिसीमन आयोग के पुनर्गठन के बाद यह भी साफ़ हो जाएगा कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा सीटों का परिसीमन कब तक होगा और अगला विधानसभा चुनाव नए परिसीमन में होगा या नहीं। छत्तीसगढ़ में परिसीमन के बाद विधानसभा सीटें 90 से बढ़कर 120 से अधिक होने की चर्चा काफ़ी समय से है। इस बारे में शहरों से गांवों तक चर्चा है, लेकिन अभी ठोस कुछ भी नहीं है।

कांग्रेस, सपा और टीएमसी समेत कई अन्य दल अभी परिसीमन का विरोध कर रहे हैं। तेलंगाना की BRS ने शर्त रखी है कि लोकसभा में दक्षिण भारतीय राज्यों की मौजूदा 24% हिस्सेदारी सुरक्षित रखी जाए, तभी वह परिसीमन समर्थन देगी। वहीं, AAP ने सभी राज्यों को समान प्रतिनिधित्व मिलने की स्थिति में सहमति जताई है। परिसीमन बिल संसद में क्यों पास हो सकता है, इसे लेकर दिल्ली के राजनैतिक गलियारे से अहम संकेत मिले हैं। दिल्ली मीडिया में चर्चा है कि दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए केंद्र सरकार एक नए फॉर्मूले पर विचार कर रही है। इसके तहत लोकसभा में हर राज्य की मौजूदा सीटों में 50% की समान बढ़ोतरी की जाएगी, जिससे राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बना रहेगा।

लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को बुलाई गई है। इससे पहले केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में संशोधित प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है।  सरकार का उद्देश्य परिसीमन की प्रक्रिया को पूरा कर 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू करना है। अप्रैल 2026 में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत न मिल पाने के कारण यह संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में गिर गया था। इस बार सरकार को DMK, NCP (शरद पवार गुट), और YSRCP जैसे दलों से समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे विधेयक के पारित होने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button