धमतरी अपर कलेक्टर के बंगले पर ईडी का छापा… अफसर के पति शराब स्कैम में जांच के घेरे में
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने धमतरी ने शुक्रवार को अपर कलेक्टर इंदिरा देवहरि के घर पर छापेमारी की है। सूत्रों के अनुसार शराब घोटाले में अपर कलेक्टर पति नवीन सिंह तोमर से संबंधित जांच के लिए यह छापेमारी की गई। ED के 10 से 12 अधिकारियों की टीम कलेक्ट्रेट परिसर स्थित E-3 बंगले पर पहुंची।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग के पूर्व डिप्टी कमिश्नर नवीन सिंह तोमर का नाम शराब स्कैम में आया था। एजेंसी का आरोप है कि कुछ बिलों में कर्मचारियों की संख्या और उनकी उपस्थिति वास्तविकता से अधिक दर्शाई गई। इसके आधार पर एजेंसियों को अतिरिक्त भुगतान किया गया। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इस प्रक्रिया के जरिए कथित कमीशन की रकम जुटाई गई और संबंधित लोगों तक पहुंचाई गई। बता दें कि छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन (CSMCL) में शराब दुकानों के लिए मैनपावर उपलब्ध कराने वाली एजेंसियों के भुगतान को लेकर जांच चल रही है। अभियोजन पक्ष के आरोपों के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2023 के बीच एजेंसियों के बिलों में कथित तौर पर मैनपावर, ओवरटाइम, बोनस और अतिरिक्त कार्यदिवसों के नाम पर अनियमितताएं की गईं।
मैनपावर और ओवरटाइम भुगतान से जुड़े मामले में नवीन प्रताप सिंह तोमर समेत कई लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, CSMCL में पदस्थापना के दौरान तोमर मैनपावर एजेंसियों के बिलों के प्रसंस्करण और भुगतान प्रक्रिया से जुड़े थे। जांच दस्तावेजों में 29 नवंबर 2023 को 28.80 लाख रुपये नकद बरामद होने का भी उल्लेख है। अभियोजन पक्ष ने इस रकम को कथित रिश्वत से जोड़कर जांच की है। हालांकि, आरोपों पर अंतिम फैसला न्यायालय की प्रक्रिया के बाद ही होगा।



