छत्तीसगढ़

बैलाडीला में अजब तबाही… लाल कचरे का पहाड़ ढहा, 10 किमी तक जंगल-सड़कें दबीं… प्रदेश में पहली बार ऐसा “लैंडस्लाइड”

छत्तीसगढ़ में बैलाडीला (किरंदुल) में एनएमडीसी (NMDC) के माइनिंग कचरे यानी ‘टेलिंग्स’ (Tailings) का विशाल पहाड़ ढहने से करीब 10 किमी के दायरे में लाल मलबा फैल गया है। छत्तीसगढ़ में ऐसा भूस्खलन (landslide) संभवतः पहली बार हुआ है। ढहते पहाड़ का कचरा कई किमी जंगल से लेकर सड़कों और ग्रामीण रास्तों को लील चुका है। गनीमत के इसके रास्ते में कोई गांव नहीं आया है। पूरा दंतेवाड़ा प्रशासन इस मानव निर्मित (men made) भूस्खलन पर नज़र जमाए हुए है। हालाँकि इससे जान के नुक़सान की खबर नहीं है।

यह भूस्खलन किरंदुल स्थित डिपॉजिट-14 (Deposit-14) के पिछले हिस्से में हुआ। बारिश और भारी दबाव के कारण लाखों टन खनिज अपशिष्ट (वेस्ट डंप) अचानक खिसक गया, जो पिछले दो दिनों से धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इस मलबे की चपेट में आने से करीब 20 वर्ग किलोमीटर का हरा-भरा जंगल प्रभावित हुआ है और बड़े पेड़ उखड़कर दब गए हैं। लोहागांव को किरंदुल से जोड़ने वाली मुख्य सड़क मलबे में दबकर ग़ायब हो गई हैं। वैकल्पिक रास्ता न होने के कारण लोहागांव का संपर्क पूरी तरह कट गया है, जिससे मरीजों को अस्पताल ले जाने और ग्रामीणों के साप्ताहिक बाजार जाने में बड़ी बाधा आ रही है।

लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मलबे का बहाव प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मलांगिर और स्थानीय जलस्रोतों की ओर बढ़ रहा है। खनन का लाल कचरा पानी में मिलने से आसपास के 15 से 20 गांवों की पेयजल आपूर्ति दूषित होने या रुकने का खतरा पैदा हो गया है।

दंतेवाड़ा कलेक्टर, पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। बचेली के एसडीएम (SDM) और डीएफओ (DFO) इस पूरे मामले की जांच रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। किरंदुल खनन क्षेत्र में पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं (जैसे 2024 में डिपॉजिट 11-C के टैंक की दीवार टूटना), जिसके चलते स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने NMDC के सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button