आज की खबर

War room: भाजपा ने पहली बार सांसदों को 20-20 हजार, विधायकों को 10-10 हजार सदस्य बनाने का दिया टारगेट

छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने इस बार प्रदेश में 33 लाख से ज्यादा लोगों को नई सदस्यता देने के टारगेट के साथ रविवार को केंद्रीय कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सदस्यता वार रूम शुरू कर दिया है। पिछली बार भाजपा ने प्रदेश में 33 लाख सदस्य बनाए थे। इस बार उससे अधिक का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए पहली बार नई तकनीकों के साथ-साथ नई रणनीति भी तय की गई है। पहली बार पार्टी ने छत्तीसगढ़ के सभी 10 सांसदों को 20-20 हजार नए सदस्य तथा मंत्रियों समेत सभी विधायकों को 10-10 हजार सदस्य बनाने का टारगेट दिया है। यही नहीं, बूथ लेवल पर भी दो-दो सौ सदस्य बनाने की रणनीति तय की गई है। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने कहा है कि अभी जो सदस्य हैं, उन्हें भी सदस्यता देनी है और नए सदस्य भी बनाने होंगे।

प्रभारी नितिन नबीन ने मीडिया से कहा कि भाजपा सदस्यता वाररूम की शुरुआत के साथ-साथ जिला और मंडल स्तर पर सदस्यता अभियान की तैयारी कर ली गई है। सदस्यता अभियान की शुरुआत 1 सितंबर से होगी, जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी और अध्यक्ष जेपी नड्डा पहले सदस्य बनेंगे। इसके बाद पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ता सदस्य बनेंगे। इनमें पुराने सदस्य भी होंगे, साथ ही नए लोगों को जोड़ने का अभियान चलेगा। अभियान की निगरानी छत्तीसगढ़ के सदस्यता वार रूम से होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार ने 8-9 महीने में ही सरकारी योजनाओं में बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ा। इस वजह से बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़ने के लिए तैयार हैं। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि वार रूम के माध्यम से प्रदेश में सदस्यता अभियान की तैयारी को लेकर बनाई गई रणनीति पर नजर रखी जाएगी, जिससे प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने बताया कि सांसदों को 20-20 हजार सदस्य और विधायकों को 10-10 हजार सदस्य बनाने की लक्ष्य दिया गया है।

केंद्रीय मंत्री, विधायकों समेत पदाधिकारी मौजूद

वार रूम के उद्घाटन पर केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, मंत्री केदार कश्यप, अभियान प्रभारी अनुराग सिंहदेव, विधायक गुरु खुशवंत, भूपेंद्र सवन्नी, संजय श्रीवास्तव, रामू रोहरा, नारायण चंदेल, रजनीश सिंह, सौरभ सिंह, नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, अमित साहू, अमरजीत छाबड़ा, उमेश घोरमोड़े, अमित मैशेरी, सोमेश पांडेय, मितुल कोठारी, संदीप उपारकर, आदित्य कुरील, सौरभ कोतू, लोकेश पवार सहित भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button