आज की खबर
सीएम साय के जनदर्शन में प्रदेश से हज़ारों लोग पहुंचे… सीएम सभी के पास गए और संवेदनशीलता से बात सुनी… ढाई हज़ार आवेदन मिले, अधिकांश का निराकरण


छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय के जनदर्शन में गुरुवार, 26 नवंबर को रायपुर स्थित सीएम हाउस में प्रदेशभर के लोगों की भारी भीड़ उमड़ गई। सीएम साय इतनी भीड़ के बाद भी हर किसी से मिले और उनकी समस्याओं को बेहद संवेदनशीलता से सुना। मिली जानकारी के मुताबिक अलग अलग समस्याओं को लेकर सीएम जनदर्शन में आज ढाई हज़ार से ज़्यादा आवेदन सीएम साय को मिले। इनमे से भी इलाज संबंधी अधिकांश आवेदनों का सीएम के निर्देश पर तुरंत निराकरण हुआ और सहायता भी जारी कर दी गई। कुछ लोगों ने शिकायतें भी कीं, जिनके लिए सीएम मौके पर ही मौजूद सीएम सचिवालय के आला अफसरों को निराकरण के सीधे निर्देश देते रहे।

सीएम जनदर्शन में उमड़ी भीड़ ने इस बार सभी को चौंकाया है। अपनी समस्याएं, मांगें और सुझाव लेकर बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री निवास पहुंचे थे। सीएम जनदर्शन रायपुर के सिविल लाइंस स्थित सीएम हाउस में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित किया गया। इस दौरान सीएम साय बेहद सहज भाव से एक-एक कर आमजनों की व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याएं सुनते और निराकरण करते रहे। उन्होंने प्राप्त आवेदनों के त्वरित और समयबद्ध निराकरण के लिए मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

सीएम साय ने सबसे पहले दिव्यांगजनों से मुलाकात की और 20 से अधिक हितग्राहियों को मौके पर ही ट्राईसाइकिल वितरित की। तीन दशक (30 साल) से सुनने की समस्या से जूझ रहे एक बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी पीड़ा रखी। सीएम साय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें तत्काल श्रवण यंत्र (हियरिंग एड) उपलब्ध कराया। बिरनपुर से पहुंचे बिनु राम ठाकुर ने अप्रैल 2023 की हिंसा में घर जलने और अब तक मुआवजा व इलाज की सहायता न मिलने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने उनकी बात सुनकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। जनदर्शन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने आवास, इलाज के लिए आर्थिक सहायता, भूमि विवाद, लंबित सरकारी कार्यों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े आवेदन मुख्यमंत्री को सौंपे, जिनपर सीएम सचिवालय ने एक्शन भी शुरू कर दिया है। बता दें कि सीएम जनदर्शन का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है ताकि बिना किसी बिचौलिए या देरी के लोगों की समस्याएं सीधे शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकें और उनका पारदर्शी समाधान हो सके।



