आम चुनाव

महतारी वंदन में जिनके पैसे बंद हुए, उनके साथ मंत्री चौधरी से किस्त मांगने निकले विकास, पुलिस ने रास्ते में ही रोका

महतारी वंदन योजना में महिलाओं को दिए जा रहे पैसों को लेकर शुरू हुई सियासी जुबानी जंग अब सड़क पर आ रही है। कांग्रेस लगातार ऐसे आरोप लगा रही है कि ऐसी महिलाएं बड़ी संख्या में हैं, जिन्हें एक-दो किस्त के बाद पैसे देने बंद कर दिए गए हैं। ऐसी ही महिलाओं के साथ उनके पैसों के लिए पूर्व विधायक विकास उपाध्याय शनिवार को मंत्री ओपी चौधरी के बंगले पर जाने के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने महिलाओं और कांग्रेस नेताओं की इस बड़ी रैली को गास मेमोरियल ग्राउंड के पास ही रोक दिया। तीखे वाद-विवाद के बाद भी किसी प्रदर्शनकारी को पुलिस ने आगे नहीं बढ़ने दिया, इस बीच बारिश भी शुरू हो गई।

छत्तीसगढ़ शासन का दावा है कि हर महीने प्रदेशभर की तकरीबन 70 लाख पात्र महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत 1000 रुपए दिए जा रहे हैं। लेकिन कांग्रेस लगातार आरोप लगा रही है कि हर पात्र महिला को पैसे नहीं मिल रहे हैं, कुछ को एक-दो माह मिलने के बाद बंद कर दिए गए। इसे लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल और मंत्री ओपी चौधरी के बीच बयानबाजी भी हो चुकी है। इसी कड़ी में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने शनिवार को गांधी चौक पर ऐसी महिलाओं को एकत्र किया, जिनकी किस्तें बंद हुई हैं। इन महिलाओं की सूची बनाई गई और फिर सभी रैली की शक्ल में गांधी चौक से मंत्री ओपी चौधरी के बंगले के लिए रवाना हुए। विकास शुक्रवार को घोषणा की थी कि वे सबूत के तौर पर सूची तथा उसमें शामिल महिलाओं के साथ मंत्री ओपी चौधरी के बंगले जाएंगे और उन्हीं से किस्त मांगी जाएगी। लेकिन पुलिस ने इस रैली को बंगले से काफी पहले ही रोकने के पूरे इंतजाम कर लिए थे। गास मेमोरियल मैदान के पास पुलिस ने सभी को बलपूर्वक रोक दिया और आगे बढ़ने ही नहीं दिया।

किस्त शुरू नहीं हुई तो सीएम हाउस घेरेंगे

मौके पर पुलिस से तीखे वाद-विवाद के बाद विकास ने मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव होने के तुरंत बाद से ही हजारों महिलाओं का महतारी वंदन योजना का पैसा बंद कर दिया है। कई की किस्त दो माह पहले बंद हुई, कई के खातों में इस माह पैसे नहीं आए। विकास ने आरोप लगाया कि 1 करोड़ से ज्यादा महिलाओं से महतारी वंदन के फार्म भरवाए गए थे। अब स्थिति यह है कि योजना से 45 फीसदी महिलाओं पहले ही जुड़ नहीं पाई थीं, अब नियम-शर्तें लगाकर बची महिलाओं को भी योजना से बाहर किया जा रहा है। विकास उपाध्याय ने चेतावनी दी कि अगर शत-प्रतिशत महिलाओं को महतारी वंदन योजना की किस्त शुरू नहीं की गई, तो सीएम हाउस का घेराव करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button