छत्तीसगढ़ में धान का टोकन आज से ऑनलाइन… सीएम साय के निर्देश पर 5 दिन पहले शुरुआत… जानिए कैसे मिलेगा टोकन
छत्तीसगढ़ में आज 10 नवंबर से धान खरीदी के लिए ऑनलाइन टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सीएम विष्णु देव साय के निर्देश पर इस बार 5 दिन पहले से ही टोकन की व्यवस्था लागू कर दी गई है ताकि किसानों को सहूलियत हो। एक दिक्कत यह है कि यदि किसी तकनीकी या अन्य गड़बड़ी के कारण किसान का टोकन एक बार रिजेक्ट (निरस्त) हो गया, तो उसे दोबारा नया टोकन जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे किसान धान नहीं बेच पाएंगे, इसलिए टोकन भरते समय सावधानी रखें। बता दें कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान की सरकारी खरीदी शुरू होने जा रही है।
छत्तीसगढ़ के किसान धान बेचने के लिए गूगल प्ले स्टोर से ‘तुंहर टोकन’ (Tunhar Token) मोबाइल ऐप डाउनलोड करके चौबीसों घंटे (24×7) घर बैठे ऑनलाइन टोकन बुक कर सकते हैं। समितियों में प्रतिदिन होने वाली कुल खरीदी क्षमता का 70% टोकन ऐप (ऑनलाइन) के माध्यम से और 30% टोकन समिति (ऑफलाइन) के माध्यम से जारी किया जाएगा। ऑनलाइन ऐप में 80% कोटा लघु एवं सीमांत किसानों के लिए और 20% दीर्घ (बड़े) किसानों के लिए आरक्षित रहेगा।
इस साल भी सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेगी। किसान अपने पंजीकृत रकबे के अनुसार प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान बेच सकेंगे। जिन किसानों ने पिछले साल पंजीकरण कराया था और जिनका एग्रीस्टैक (AgriStack) आईडी बना हुआ है, उन्हें दोबारा पंजीयन कराने की जरूरत नहीं है। धान खरीदी केंद्रों पर पारदर्शिता बनाए रखने और गड़बड़ी रोकने के लिए किसानों का बायोमेट्रिक (उंगली के निशान/अंगूठा) सत्यापन अनिवार्य किया गया है।



