पीएम मोदी आज बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे… छत्तीसगढ़ में जवानों के साथ पहली बार बाटेंगे पर्व की खुशियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार, 8 नवंबर को बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे।प्रधानमंत्री बनने के बाद से हर साल सीमावर्ती या संवेदनशील इलाकों में जवानों के साथ दिवाली मनाने की अपनी परंपरा को जारी रखते हुए पीएम मोदी इस बार बस्तर पहुंच रहे हैं। यह पहला मौका है जब वह छत्तीसगढ़ में जवानों के बीच यह त्योहार मनाएंगे।
अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री जगदलपुर के करनपुर में स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) कैंप का दौरा करेंगे। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर लिखा, “दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर जा रहा हूं। कल तक जहां नक्सलियों का कहर था, वहां आज विकास की बहार है। वीर जवानों, उनके बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं।”
बस्तर जो कभी देश के सबसे चुनौतीपूर्ण आंतरिक सुरक्षा क्षेत्रों में से एक था, वहां नक्सलवाद पर नियंत्रण और सुरक्षा बलों के बढ़ते प्रभाव के बीच पीएम का यह दौरा बेहद खास माना जा रहा है। 2014 में सत्ता में आने के बाद से पीएम मोदी हर साल दिवाली जवानों के साथ मनाते आ रहे हैं। इससे पहले वे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कच्छ जैसे क्षेत्रों में तैनात सैनिकों के बीच खुशियां बांट चुके हैं।



