महादेव सट्टा : सौरभ चंद्राकर ने 8 दिन में क्या बताया सीबीआई को… कल पेश किया जाएगा रायपुर कोर्ट में… ईडी भी पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी में
महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के किंगपिन सौरभ चंद्राकर से सीबीआई ने 8 दिन से चल रही पूछताछ पूरी कर ली है। पूछताछ में उसने प्रोटेक्शन मनी को लेकर क्या बताया, या ज़्यादा कुछ नहीं बताया, इन बातों से पर्दा नहीं उठा है। कल गुरुवार को 8 दिनों की रिमांड खत्म होने के बाद कलसीबीआई सौरभ को रायपुर की विशेष अदालत (Special CBI Court) में पेश करेगी। माना जा रहा है कि अब ईडी एड अपने पुराने वारंट को एक्जीक्यूट (लागू) कराने के लिए फिर से नया आवेदन पेश करेगी। अगर सीबीआई आगे और रिमांड नहीं मांगती है, तो ED कल सौरभ को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की पुरजोर कोशिश करेगी।
सीबीआई की टीम ने ओमान से प्रत्यर्पण (Extradition) के बाद भारत लाए गए सौरभ चंद्राकर से पिछले 8 दिनों में महादेव ऐप के पूरे नेटवर्क, पैनल ऑपरेटर्स, हवाला ट्रांजैक्शन और कथित तौर पर दी जाने वाली प्रोटेक्शन मनी (संरक्षण राशि) को लेकर गहन पूछताछ की है। सुरक्षा कारणों के चलते सीबीआई सौरभ को दिल्ली ले जाकर पूछताछ कर रही थी, जिसे कल दोबारा रायपुर कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा।
रायपुर कोर्ट में पिछली सुनवाई (4 नवंबर) के दौरान ED ने सौरभ चंद्राकर को अपने वारंट पर गिरफ्तार करने और पूछताछ की अनुमति के लिए कोर्ट में आवेदन लगाया था। उस समय चूंकि सीबीआई की रिमांड चल रही थी, इसलिए अदालत ने ED के आवेदन को ‘प्री-मैच्योर’ (समय से पहले) करार दिया था। अब ईडी यही प्रयास दोबारा करेगी।
बता दें कि महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग जिले के मोहन नगर थाने में दर्ज की गई थी। इसके बाद ED ने अक्टूबर 2022 से मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) के तहत जांच शुरू की। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा मामलों की जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपे जाने के बाद CBI ने दिसंबर 2024 में इस मामले में केस दर्ज कर अपनी तफ्तीश शुरू की थी।



