रायपुर एयर शो : एयरपोर्ट पर रेगुलर फ्लाइट्स ऑपरेशंस रोज़ाना सुबह दो घंटे बंद… जानिए कब और किस तारीख तक
राजधानी रायपुर के एयरपोर्ट पर 2 से 5 नवंबर तक फ्लाइट ऑपरेशंस रोज़ाना दो घंटे बंद रहेंगे। इन पाँच दिनों में नियमित विमानों के लिए एयरपोर्ट सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान चार रेगुलर फ्लाइट्स आती हैं। ये फ्लाइट्स या तो सुबह 10 बजे से पहले शेड्यूल किए जाएँगे, या फिर दोपहर 12 बजे के बाद।सूत्रों ने स्पष्ट किया कि इस दौरान कोई भी फ्लाइट कैंसिल नहीं होगी।
जानकारों के मुताबिक रायपुर एयरपोर्ट से इन पाँच दिनों में सुबह 10 बजे से सूर्यकिरण एयरोबैटिक शो के लिए एयरफोर्स के 11 विमान एक साथ उड़ेंगे और दो घंटे बाद लैंड करेंगे। इन विमानों के साथ सेना के दो हेलीकॉप्टर भी होंगे। एयर शो नवा रायपुर में ही होगा, इसलिए रूटीन फ्लाइट्स इस दौरान इस हवाई क्षेत्र में नहीं लाई जाएंगी। आने वाले कुछ दिन में रायपुर एयरपोर्ट पर काफ़ी वीवीआईपी मूवमेंट रहने वाला है। उनके विशेष विमानों की लैंडिंग टेकऑफ के दौरान भी थोड़ा-थोड़ा असर रहेगा।



