अबू धाबी शाही परिवार की बहू सड़क पर कोकीन के नशे में गिरी मिलीं… मासूम बेटा वहीं भटक रहा था, हादसे से बचा… ब्रिटिश कोर्ट से 2 साल रिहैब की सज़ा
लंदन की एक सड़क पर कोकीन के अत्यधिक सेवन के बाद बेहोश पाई गई अबूधाबी और यूएई के शाही परिवार की बहू 32 वर्षीय महराह अल नाहयान को ब्रिटिश अदालत ने 2 साल के कम्युनिटी और रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) प्रोग्राम की सजा सुनाई है। उन पर भारी जुर्माना भी लगाया गया है। महराह को पश्चिमी लंदन की एक सड़क पर राहगीरों ने उन्हें एक रेलिंग के सहारे बेहोश (नशे में धुत) पाया। उनके साथ एक अन्य पुरुष भी बेसुध में पड़ा था। हैरान करने वाली बात यह थी कि 3 साल का बेटा भी साथ था, जो बिना जूतों (नंगे पैर) के सड़क पर घूम रहा था और राहगीरों ने उसे हादसे का शिकार होने से बचाया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महराह शादी के जरिए अबू धाबी और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शासक परिवार ‘अल नाहयान’ (House of Nahyan) से जुड़ी हैं। वह ब्रिटेन में रहती हैं और उन्हें हर महीने करीब £8,000 (लगभग $10,500) का शाही भत्ता मिलता है।
लंदन की साउथवार्क क्राउन कोर्ट में सुनवाई के दौरान महराह अल नाहयान ने बच्चे की उपेक्षा (Child Neglect) का जुर्म भी स्वीकार कर लिया।
जज ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नशे की हालत में बच्चे को सड़क पर अकेला छोड़ना उसकी सुरक्षा के प्रति घोर लापरवाही थी। अदालत ने उन्हें 2 साल के कम्युनिटी ऑर्डर की सजा सुनाई, जिसके तहत उन्हें रिहैब प्रोग्राम पूरा करना अनिवार्य है। इसके अलावा उन पर £6,114 (लगभग 7 लाख रुपये से अधिक) का जुर्माना और अदालती खर्च भी लगाया गया।



