वोटर लिस्ट से जिनके नाम कटे, उन्हें जुड़वाने के लिए मिला बड़ा मौका… छत्तीसगढ़ समेत 17 राज्यों में 12 नवंबर से SSR… जिन्हें SIR ने दुख दिया, अब उन पर मलहम
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने छत्तीसगढ़ समेत देश के 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 12 नवंबर से मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Summary Revision – SSR) की मुख्य प्रक्रिया शुरू करने का आदेश जारी किया है। इसमें नए तथा अन्य मतदाताओं के नाम जोड़ने, फर्जी या गलत प्रविष्टियों को हटाने और वोटर लिस्ट में सुधार करने का एक बड़ा मौका मिल रहा है। इसके तहत सभी वोटर 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कर सकेंगे। इस आधार पर 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में विशेष रूप से अभियान चलाकर पूर्व में विभिन्न कारणों से काटे गए नामों की दोबारा जांच और सत्यापन किया जा रहा है। इसके अलावा, एसएसआर के तहत जो युवा 1 जनवरी 2027 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे इस अभियान में अपना नाम जुड़वाने के लिए पात्र हैं। यह प्रक्रिया छत्तीसगढ़ के अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, बिहार, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, मणिपुर, पुडुचेरी, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में चलाई जा रही है। इनमें से उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर जैसे राज्यों में अगले साल की शुरुआत में ही विधानसभा चुनाव होने हैं।
आवेदन कैसे करें? (How to Apply)
नागरिक घर बैठे ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों तरीकों से इस प्रक्रिया का लाभ उठा सकते हैं:
– ऑनलाइन: आप निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर या Voter Helpline Mobile App (ECINET) डाउनलोड करके खुद को पंजीकृत कर सकते हैं, या सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं।
– ऑफलाइन: आप अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र पर जाकर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर सकते हैं और फॉर्म-6 (नए मतदाताओं के लिए) या अन्य आवश्यक फॉर्म भरकर जमा कर सकते हैं।
– हेल्पलाइन: किसी भी प्रकार की असुविधा या जानकारी के लिए चुनाव आयोग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर सकते हैं।



