बिना विंग्स के उड़ने वाली कार का डेमो कर दिया टेस्ला ने… एलोन मस्क ने अपलोड किया वीडियो… प्रोडक्शन 2028 में शुरू
एलोन मस्क की कंपनी टेस्ला और स्पेसएक्स ने मिलकर नई जनरेशन की टेस्ला रोडस्टर Tesla Roadster इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार का एक हैरतअंगेज डेमो पेश किया है। यह कार न केवल उड़ी, बल्कि हवा में कलाबाजियाँ खाती हुई भी दिखी। अमेरिका के टेक्सस में एक इवेंट के दौरान इस फ्लाइंग कार का प्रदर्शन किया गया, जिसके बाद एलोन मस्क ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसका वीडियो शेयर किया। मस्क ने लिखा- “लगता है कि भविष्य में सच में उड़ने वाली कारें होंगी।”
टेस्ला की इस कार में कोई पारंपरिक विंग्स (पंख) नहीं हैं। इसकी जगह स्पेसएक्स के रॉकेट में इस्तेमाल होने वाले कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स (Cold-Gas Thrusters) और हाई-प्रेशर कंप्रेस्ड एयर सिस्टम लगाया गया है। प्रदर्शन के दौरान कार एक बड़े घुमावदार रैंप पर चढ़ी, उल्टी हुई, हवा में उछलकर पलटी (Flip) मारी और फिर सुरक्षा के साथ चारों पहियों पर वापस जमीन पर लैंड कर गई।
टेस्ला का दावा है कि थ्रस्टर्स की मदद से यह कार महज 0.81 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटाकी रफ्तार पकड़ सकती है। एलोन मस्क ने बताया कि इस अगली पीढ़ी की Tesla Roadster का बड़े पैमाने पर उत्पादन 2028 में शुरू करने की योजना है।



