मुंगेली भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहिले के भाई समेत 3 की सड़क हादसे में मौत… मॉर्निंग वाक पर निकले थे, पिकअप ने रौंदा
मुंगेली जिले में दशरंगपुर मेन रोड पर आज 15 अक्टूबर को सड़क हादसे में मुंगेली (लोरमी) के भाजपा विधायक तथा पूर्व खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले के भाई समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में जान गंवाने वालों में विधायक के भाई अधीन दास मोहले, बल्लू बघेल और गंगा राम हैं। पुलिस ने बताया कि गुरुवार की सुबह अधीन दास मोहले अपने दोनों साथियों के साथ मुख्य मार्ग पर मॉर्निंग वॉक (सुबह की सैर) के लिए निकले थे। इसी दौरान मुंगेली की ओर जा रही एक अज्ञात तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने तीनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया है।जरहागांव पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालकर फरार आरोपी और वाहन की तलाश कर रही है। हादसे की खबर मिलते ही विधायक पुन्नूलाल मोहले, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक जिला अस्पताल पहुंच गए थे।



