बिलासपुर के मस्तूरी गोलीकांड में कांग्रेस नेता समेत नौ गिरफ्तार… युवक कांग्रेस चुनाव में हुए विवाद की रंजिश बनी वजह
बिलासपुर के चर्चित मस्तूरी गोलीकांड में पुलिस को दो और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। कांग्रेस के चर्चित नेता और ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष रहे अकबर खान तथा एक अन्य आरोपी देवेश सुमन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी के रूप में पुलिस कांग्रेस से निष्कासित युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष विश्वजीत अनंत समेत 7 को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार युवक कांग्रेस चुनाव को लेकर अनंत और नितेश सिंह के बीच कांग्रेस भवन में 2 साल पहले विवाद हुआ था। जिसके बाद दोनों पक्षों में मैग्नेटो मॉल के सामने मारपीट भी हुई। मामले में विश्वजीत अनंत ने नितेश से मार खाने के बाद उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। वही अनंत ने पूर्व में युवक कांग्रेस मस्तूरी विधानसभा अध्यक्ष से मारपीट भी की थी। मस्तूरी युवक कांग्रेस अध्यक्ष नितेश सिंह के गुट का था। नितेश सिंह गुट की शिकायत पर विश्वजीत अनंत को कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था। विश्वजीत अनंत कांग्रेस से निकल जाने के बाद प्रदेश भाजपा के एक प्रभावशाली नेता का करीबी हो गया।
बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र के मस्तूरी नहर रोड के किनारे तिवारी होटल के सामने कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह का निजी दफ्तर है। 28 अक्टूबर की शाम 6:00 बजे वह अपने साथियों और परिजनों के साथ दफ्तर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान दो बाईक से आए चार युवकों ने गोलीबारी कर दी। गोली चलने से ऑफिस के बाहर बैठे लोग इधर-उधर और ऑफिस के अंदर भागे। गोलीबारी में चंद्रकांत सिंह के हाथ और राजू सिंह की जंग में गोली लग गई। ऑफिस के अंदर से नितेश सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल कर जवाबी फायरिंग की, तब हमलावर भागे। घायलों को तत्काल आसपास के लोगों ने मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अपोलो रेफर कर दिया गया। घटना के तत्काल बाद एसएसपी रजनेश सिंहने 6 टीमों का गठन किया। वारदात के 24 घंटे के भीतर ही गोलीकांड के सात आरोपियों को बिलासपुर, रायपुर, मस्तूरी से गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिए गए।



