राजेश मूणत जुटे महादेव कारीडोर को भव्य स्वरूप देने में… 50 करोड़ की लागत, चंदनीडीह तक पैरलल डबल रोड… धार्मिक आस्था के साथ होगा भव्य पर्यटन केंद्र

तीन बार के केबिनेट मंत्री तथा भाजपा के दिग्गज विधायक राजेश मूणत रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के साथ अब राजधानी में खारुन किनारे के धार्मिक स्थल महादेवघाट के कायाकल्प में जुट गए हैं। महादेवघाट कारीडोर प्रोजेक्ट छोटा-मोटा नहीं, बल्कि 50 करोड़ की लागत के साथ भव्य स्वरूप वाला होगा। पूर्व मंत्री मूणत ने रविवार को मेयर मीनल चौबे तथा सभापति सूर्यकांत राठौड़ के साथ नगर निगम, पीडब्लूडी और जल संसाधन विभाग के अफसरों की बैठक ली और पूरे प्रोजेक्ट का प्रजेंटेशन भी देखा है। इस प्रोजेक्ट में महादेवघाट मंदिर परिसर को भव्य स्वरूप मिलेगा, साथ ही विसर्जन कुंड से नदी के किनारे डबल रोड प्रस्तावित है, जो चंदनीडीह (खारुन नदी पर कुम्हारी पुल) तक जाएगी। राजेश मूणत ने कहा कि बाबा हटकेश्वर नाथ पर वर्षो से मेरी गहरी आस्था है। छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों के भक्त भी यहां भोलेनाथ के दर्शन के लिए आते हैं। मेरी इच्छा इस क्षेत्र को महाकाल उज्जैन की तर्ज पर विकसित करने की है, हम उसी दिशा में कोशिश कर रहे हैं।

महादेवघाट कारीडोर का जो प्रजेंटेशन दिखाया गया है, उसमें शिव मंदिर और परिसर का प्लान इस तरह किया गया है कि इसकी भव्यता काफी दूर से नजर आए। नगर निगम ने इस दिशा में प्राथमिक कार्य भी शुरू कर दिया है। पूर्व मंत्री मूणत ने बताया कि प्रोजेक्ट करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। पूरा काम रायपुर नगर निगम, लोक निर्माण विभाग तथा जल संसाधन विभाग मिलकर करेंगे। सौंदर्यीकरण कार्य में किसी को भी विस्थापित नहीं बल्कि व्यवस्थापित किया जाएगा। महादेव कॉरिडोर बनने से यहां का सौंदर्य निखरेगा और दूर-दूर से पर्यटक व श्रद्धालु आकर्षित होंगे। इसके साथ ही विसर्जन कुंड से टाटीबंध की ओर चंदनीडीह तक डबल लेन रोड* का भी प्रस्ताव तैयार है। यह सड़क आम लोगों के खुली रहेगी, जिससे जीई रोड का ट्रैफिक दबाव कम होगा और लोगों को राहत मिलेगी।