प्रियंका का तंज- मोदीजी चुटकी बजाकर युद्ध रोक देते हैं, महंगाई क्यों नहीं कम करते
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कांकेर और राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग सभाओं में केंद्र की भाजपा सरकार ही नहीं, बल्कि सीधे पीएम मोदी को भी निशाने पर रखा। राजनांदगांव की सभा में प्रियंका ने तंज किया कि पीएम मोदी चुटकी बजाकर बड़े-बड़े युद्ध रोके देते हैं, तो देश में लगातार बढ़ती महंगाई को कम क्यों नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तो उन लोगों की देश का संविधान बदलने की तैयारी है।
भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ में सभी को राहत देने का काम किया
कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल के लिए राजनांदगांव में प्रचार करने पहुंचीं प्रियंका ने लोगों को याद दिलाया कि भूपेश सरकार ने हर गरीब, पिछड़ा वर्ग, किसान और मजदूर समेत हर वर्ग को राहत देने वाले कई काम किए। भूमिहीन लोगों को न्याय मिला, आंगनबाड़ी की मितानिनों का मानदेय बढ़ाया। सरकार बनते ही दो घंटे के भीतर किसानों का कर्ज माफ कर दिया गया। और तो और, भूपेश सरकार ही है जिसमें गोबर भी खरीदा ताकि एक वर्ग के लोगों को आर्थिक लाभ मिल सके। प्रियंका की सभा में कांग्रेस प्रत्याशी तथा पूर्व सीएम भूपेश के साथ सचिन पायलट तथा विधायक कवासी लखमा, हर्षिता स्वामी बघेल तथा दलेश्वर साहू आदि मौजूद थे।
किसानों से मुंह फेर लेते हैं, उद्योगपतियों का कर्जा माफ कर देते हैं…
प्रियंका ने मणिपुर और असम से लेकर हाथरस तक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि भाजपा की सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहींं हैं। जब भी महिलाओं को प्रताड़ित करनेवाली कोई घटना होती है, केंद्र सरकार मुंह मोड़ लेती है। किसान जब आंदोलन कर रहे थे, पीएम उनकी बात सुनने के लिए घर से नहीं निकले। इसके विपरीत, जैसे ही बड़े उद्योगपतियों पर परेशानी आई, भाजपा सरकार उनकी मदद के लिए खड़ी हो गई। उद्योगपतियों का 16 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया गया। युवाओं को रोजगार देने की बात आई तो फिर मुंह मोड़ लिया। देश में बेरोजगारी खत्म नहीं की जा सकी। प्रियंका ने देश के संविधान को बचाने के लिए कांग्रेस को वोट देने की अपील की।