छत्तीसगढ़ के सभी 35 कांग्रेस विधायक आज राहुल गांधी के साथ दिल्ली मार्च में… भूपेश, बैज, महंत, सिंहदेव समेत सभी वहीं
छत्तीसगढ़ के सभी 35 कांग्रेस विधायक और वरिष्ठ नेता लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में आज 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक होने वाले मार्च में हिस्सा लेने के लिए पहुंच गए हैं। पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पीसीसी चेयरमैन दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव समेत कई वरिष्ठ नेता-पूर्व विधायक भी कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर कल 11 अक्टूबर को पहुंच गए हैं। छत्तीसगढ़ के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्ष भी बुलाए गए हैं। इनमें अधिकांश 11 अक्टूबर की शाम को ही दिल्ली पहुंच चुके हैं।
सभी को प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने तत्काल दिल्ली पहुंचने का संदेश भेजा था। दरअसल कांग्रेस और इंडिया (INDIA) गठबंधन नें मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों (जैसे वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने और ईवीएम प्रबंधन) के विरोध में आज अक्टूबर को दिल्ली में एक बड़ा आंदोलन और उच्चतम न्यायालय (Supreme Court) तक मार्च बुलाया गया है। खबर यह भी है कि प्रदर्शन से ठीक पहले दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय (AICC) में राहुल गांधी और शीर्ष नेतृत्व के साथ छत्तीसगढ़ के नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक रखी गई है, ताकि इस राष्ट्रीय आंदोलन की रूपरेखा और आगामी रणनीतियों पर मंथन किया जा सके। अभी इस बैठक के बारे में दिल्ली से कोई खबर नहीं मिली है।



