टीचर मां और 18 साल के बेटे की नृशंस हत्या से सूरजपुर में सनसनी… महिला का घर में कत्ल, बेटे का शव एनएच के किनारे फेंका… हत्यारों का सुराग नहीं
सूरजपुर में मां-बेटी की हत्या के आरोपियों को मृत्युदंड की सजा को तीन दिन भी नहीं बीते और आज यहीं के जयनगर इलाके में एक टीचर और उनके 18 साल के बेटे की हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान माध्यमिक शाला बेलटिकरी में पदस्थ टीचर रजनी बरेठ (42 वर्ष) और उनके बेटे सुजल बरेठ (18 वर्ष) के रूप में हुई है। इस दोहरे हत्याकांड ने एक बार फिर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह बेटे सुजल का शव महावीरपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) के किनारे एक गड्ढे में मिला। जब पुलिस उसकी शिनाख्त के बाद बिश्रामपुर की ममता कॉलोनी (केशव नगर) में उनके किराए के मकान पर पहुंची, तो बाहर से ताला लगा था। पुलिस ताला तोड़कर घर में घुसी तो मां रजनी बरेठ का शव बाथरूम में मिला। दोनों ही शवों पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे पुलिस इसे सीधे तौर पर हत्या का मामला मानकर चल रही है। पुलिस अफसरों का अनुमान है हत्यारों ने पहले घर के अंदर शिक्षिका की हत्या की। फिर बेटे को दूसरी जगह ले जाकर मार डाला, या घर में ही मारकर शव को हाईवे के पास फेंक दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मृतका रजनी का 2020 में पति से तलाक हो चुका था। तब से वह अपने बेटे के साथ अकेली रह रही थीं, बेटा सुजल कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। रविवार को सुबह वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है। आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।



