आज की खबर

छत्तीसगढ़ में नौतपा कल 25 मई से 2 जून… अभी उबलने वाली गर्मी, कल से भीषण ताप की आशंका… दोपहर 12 से शाम 5 तक ज़रूरत पर ही निकलें

छत्तीसगढ़ में गर्मी का सबसे तपता दौर यानी नौतपा कल 25 मई 2026 से शुरू हो रहा है, लेकिन प्रदेश में सूरज ने अभी से ही आग बरसाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर समेत राज्य के कई जिलों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँचने लगा है, जिससे लोग भीषण हीटवेव (लू) की चपेट में हैं। खैर, नौतपा के लिए डॉक्टरों सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे के बीच बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। शरीर में पानी की कमी न होने दें। नींबू पानी, ओआरएस (ORS) का घोल, आम पन्ना और मटकी का पानी लगातार पीते रहें। बाहर निकलते समय चेहरे को स्कार्फ या सूती कपड़े से ढकें, छाते का उपयोग करें और ढीले व हल्के रंग के कपड़े पहनें।

ज्योतिषीय और वैज्ञानिक गणना के अनुसार, 25 मई से 2 जून तक नौतपा रहेगा। सोमवार को दोपहर सूर्य देव रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। इसके बाद अगले 9 दिनों तक सूर्य की सीधी किरणें धरती पर पड़ेंगी, जिससे तापमान अपने चरम पर रहेगा। ऐसी पारंपरिक मान्यता है कि नौतपा के इन 9 दिनों में जितनी कड़ाके की गर्मी और तपिश बढ़ेगी, आने वाले समय में मानसून में उतनी ही झमाझम और अच्छी बारिश होगी।

बहरहाल, नौतपा शुरू होने से पहले ही छत्तीसगढ़ में पारा 44°C से 45°C तक पहुँच चुका है। आने वाले 2-3 दिनों में इसके 46°C से ऊपर तक जाने की आशंका जताई गई है। राजधानी रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और धमतरी समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने भीषण हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक गर्म हवाओं और उमस के कारण हालात सबसे ज्यादा खराब हो रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button