छत्तीसगढ़ में भाजपा नेता को उसी की फॉर्च्यूनर में लॉक कर ज़िंदा जलाया… रेत घाट के झगड़े में दो का मर्डर, 30 आरोपी 4 अरेस्ट
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत खनन विवाद को लेकर भाजपा नेता भरत सिंह (लल्ला सिंह गहरवार) की उसी की फॉर्च्यूनर कार में जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई है। यह सनसनीखेज वारदात सोनहत तहसील के गांव में मंगलवार देर रात (16 जून 2026) को हुई। पुलिस के मुताबिक मृतक भाजपा नेता भरत सिंह और आरोपी मनोज त्रिपाठी के बीच लंबे समय से अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर रंजिश चल रही थी। मंगलवार दोपहर को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और झड़प हुई थी, जिसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से भी की गई थी।
आरोपियों ने वारदात को खतरनाक तरीके से अंजाम दिया। देर रात करीब 30 लोगों की उग्र भीड़ ने भाजपा नेता भरत सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी को घेर लिया। हमलावरों ने पहले एक भारी टिपर (वाहन) से फॉर्च्यूनर को कई बार जोरदार टक्कर मारी ताकि गाड़ी के दरवाजे जाम हो जाएं और कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद गाड़ी के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। गाड़ी के अंदर फंसे लोग जब शीशा तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तो आरोपियों ने उनकी जमकर पिटाई की। सोनहत जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष व भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही कार के अंदर जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। उनका शव पूरी तरह खाक हो गया। कार में सवार उनके भाई नागेंद्र सिंह समेत तीन अन्य समर्थक गंभीर रूप से झुलस गए और घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अंबिकापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहाँ से एक और घायल की मृत्यु की खबर आ रही है। इधर, पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, शेष 26 की तलाश चल रही है।



